कानपुर में बॉक्सिंग खिलाड़ी ने कोच पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, कहा- दी गई करियर खत्म करने की धमकी

यूपी के कानपुर में एक नाबालिग बॉक्सर खिलाड़ी ने कोच पर छेड़छाड़ करने और गलत तरह से छूने का आरोप लगाया है. युवती ने कोच के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है. पीड़ित प्लेयर ने कहा कि शिकायत करने पर उसे कोच द्वारा करियर खत्म करने की धमकी दी गई थी.

Advertisement
बॉक्सर ने थाने में की कोच की शिकायत बॉक्सर ने थाने में की कोच की शिकायत

सिमर चावला

  • कानपुर,
  • 18 जून 2023,
  • अपडेटेड 7:12 PM IST

कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर पूरे देश में हंगामा मच गया था. अब कानपुर में एक बॉक्सिंग खिलाड़ी ने कोच द्वारा छेड़खानी और धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई है.

युवती का आरोप है कि कोच बॉक्सिंग सिखाने के बहाने गलत इरादे से उसे छूता है. पीड़ित बॉक्सर ने कहा विरोध करने पर उन्होंने जमकर गाली-गलौज करते हुए करियर खत्म करने की धमकी दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

कानपुर के परमत में रहने वाली लड़की ने बताया कि वह बॉक्सिंग खिलाड़ी है और वर्तमान में आर्य नगर के पालिका स्टेडियम में टीएसएच स्पोर्ट्स हब में मुक्केबाजी का अभ्यास करने जाती है. 

शिकायत में आगे कहा गया है कि यहां दिवाकर राजपूत उर्फ ​​गौरव बतौर कोच खिलाड़ियों को बॉक्सिंग की ट्रेनिंग देते हैं. आरोप है कि कोच गौरव आए दिन नाबालिग बॉक्सिंग खिलाड़ी का शारीरिक शोषण और छेड़छाड़ करता है. लड़की द्वारा विरोध करने पर भविष्य खराब करने की धमकी दी जाती है.

इस मामले को लेकर ग्वालटोली थाना प्रभारी ने बताया कि महिला खिलाड़ी की शिकायत पर कोच दिवाकर राजपूत उर्फ ​​गौरव के खिलाफ छेड़खानी, धमकी देने सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. जांच के बाद आरोपी कोच के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

जांच पूरी होने तक कोच को ट्रेनिंग देने के काम से हटा दिया गया है. इसके साथ ही कानपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन ने अपनी ओर से जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है.

Advertisement

इस मामले को लेकर कानपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन ने गोविंद नगर स्थित डीबीएस कॉलेज में बैठक की. इसमें सचिव संजीव दीक्षित ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. यह कमेटी जांच कर एक सप्ताह में पूरी रिपोर्ट सौंपेगी. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »