उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर जश्न में हवाई फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से लाइसेंसी हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया.
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि यह मामला जाजौली गांव का है. जहां 24 अप्रैल को ‘जनेऊ’ संस्कार के दौरान आरोपी गुलाब चंद ने कथित तौर पर हवा में फायरिंग की. कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की.
जांच के दौरान स्थानीय पुलिस टीम ने वीडियो की सत्यता की पुष्टि की और आरोपी की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लाइसेंसी 12-बोर बंदूक, दो खाली कारतूस और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
अधिकारियों के अनुसार इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पश्चिम शरीरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि लाइसेंसी हथियार होने के बावजूद सार्वजनिक या समारोह के दौरान इस तरह की फायरिंग करना कानूनन अपराध है और इससे जान-माल का खतरा पैदा हो सकता है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के समारोह में इस तरह की खतरनाक गतिविधियों से बचें, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
aajtak.in