कानपुर के केशवपुरम स्थित बाबा श्री भूतेश्वर धाम मंदिर में पुजारी प्रशांत गिरि उर्फ गोलू पंडित को नॉनवेज खाने के आरोप में मंदिर से निष्कासित कर दिया गया है. उनके पिता और मंदिर के महंत संतोष गिरि ने यह कार्रवाई बेटे की एक आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने और स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बाद की है.
रविवार रात करीब 50-60 लोगों की भीड़ ने मंदिर पहुंचकर हंगामा किया और पुजारी के साथ मारपीट की. पुलिस ने शांति भंग की आशंका में पुजारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, जबकि पुजारी फिलहाल लापता बताया जा रहा है.
मंदिर में घुसकर पुजारी को पीटा
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ जब प्रशांत गिरि की नॉनवेज खाते हुए एक तस्वीर वायरल हुई. इससे नाराज एक धार्मिक जुलूस के साथ जा रहे लोगों ने मंदिर पर धावा बोल दिया. महंत संतोष गिरि के अनुसार, राहुल चंदेल, मनीष चौधरी और अजय चौहान समेत कई लोगों ने उनके बेटे को घसीटकर बाहर निकाला और मारपीट की. जब घर की महिलाओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई. भीड़ का कहना था कि मांसाहार करने वाला व्यक्ति मंदिर में सेवा नहीं कर सकता.
पिता ने किया बेटे को बेदखल
महंत संतोष गिरि ने स्पष्ट किया कि मंदिर के मुख्य महंत वही हैं, उनका बेटा नहीं. उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें बेटे द्वारा मांसाहार किए जाने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत उसे मंदिर की सेवाओं से बर्खास्त कर दिया. महंत ने भावुक होते हुए बताया कि पुलिसिया कार्रवाई और मारपीट के बाद से उनके बेटे का कोई पता नहीं है. उन्होंने अपना सब कुछ भगवान पर छोड़ दिया है और फिलहाल काफी परेशान हैं. पुजारी मंदिर परिसर के ही एक कमरे में रहकर अपनी ड्यूटी करता था.
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
रविवार की घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला और प्रशांत गिरि के खिलाफ शांति भंग करने के आरोप में प्रिवेंटिव एक्शन लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है, लेकिन मंदिर प्रशासन ने आरोपी पुजारी को बाहर कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की है. फिलहाल मारपीट करने वाले आरोपियों और वायरल फोटो की सत्यता को लेकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है.
aajtak.in