उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सरकारी प्राथमिक विद्यालय में एक टीचर ने घिनौनी हरकत को अंजाम दिया. दरअसल, 3 अक्टूबर को जीवित्पुत्रिका व्रत के दिन महिला टीचर अवकाश पर थीं. ऐसे में दूसरे विद्यालय के सहायक अध्यापक मैनुल्लाह सिद्दीकी को एक दिन के शिक्षण कार्य के लिए तैनात किया गया था. इस दौरान शराब के नशे में आरोपी शिक्षक ने 8 वर्ष और 10 वर्ष की दो नाबालिग छात्राओं के साथ बैड टच और अश्लील हरकत की. घर लौटकर छात्राओं द्वारा अपनी मां को आपबीती बताने पर महुआडीह थाना पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि बीएसए ने उसे निलंबित कर दिया.
शराब के नशे में की शर्मनाक हरकत
जीवित्पुत्रिका व्रत के अवसर पर स्कूल की दो महिला शिक्षक छुट्टी पर थीं, जिसके कारण प्रशासनिक व्यवस्था के तहत दूसरे स्कूल के सहायक अध्यापक मैनुल्लाह सिद्दीकी को एक दिन के लिए भेजा गया था. आरोप है कि ड्यूटी के दौरान ही शिक्षक ने नशे की हालत में छात्राओं के साथ गलत नीयत से अश्लील हरकतें कीं.
पुलिस और बीएसए की सख्त कार्रवाई
पीड़िता की मां की तहरीर पर महुआडीह थाना पुलिस ने छेड़खानी और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है. क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने भी जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
मामले में 6 अक्टूबर को प्रधानाध्यापक ने बीएसए को सूचना दी, जिसके बाद 8 अक्टूबर को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने जांच की. हालांकि, जांच रिपोर्ट भेजने में देरी करने के कारण बीईओ को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है.
राम प्रताप सिंह