गाजियाबाद में बकरीद के दिन 17 साल के सूर्या चौहान की हत्या मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. खोड़ा के नवनीत विहार की इस घटना के एक वायरल वीडियो ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है. वीडियो में कथित तौर पर हत्या के आरोपी, सूर्या को पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, सूर्या चौहान पर ईद के दिन कुछ युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल सूर्या को इलाज के लिए नोएडा सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
सूर्या की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. सूर्या की हत्या के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
सू्र्या की हत्या से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक सूर्या को पकड़कर खड़े दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि वीडियो हत्या से ठीक पहले का है. हालांकि, पुलिस ने अब तक वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की है.
आरोपियों के एनकाउंटर की मांग
मृतक की मां, बहन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार का आरोप है कि सूर्या की बेरहमी से हत्या की गई है. परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि हत्या में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग उठाई है.
यह भी पढ़ें: 'बकरा हलाल होते देखा है?' बोलकर मुस्लिम दोस्तों ने सूर्या चौहान को चाकू से गोद डाला; गाजियाबाद के खोड़ा में तनाव
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही सूर्या का शव उसके घर पहुंचा, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कई हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए. क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. कई घंटों तक मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को काबू रखने के लिए खोड़ा थाना पुलिस के अलावा इंदिरापुरम, कौशांबी, साहिबाबाद, कोतवाली नगर, वेव सिटी और विजयनगर समेत गाजियाबाद के कई थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के बाजार भी बंद रखवाए और क्षेत्र में लगातार गश्त कराई.
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल खुद मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दोस्त थे. बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने गुस्से में आकर चाकू से हमला किया था. परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
3 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
उन्होंने बताया कि पुलिस ने 5 आरोपियों को परिवार ने नामजद किया था जिसमें से अब तक 3 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
घटना के बाद एडीएम सिटी विकास कश्यप ने भी परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मृतक परिवार के साथ खड़ा है और हर मुमकिन मदद मुहैया कराई जाएगी. प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर तक परिवार और स्थानीय लोगों को समझाया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए सहमत हुए.
भारी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार
तनावपूर्ण माहौल और विरोध-प्रदर्शन की आशंकाओं को देखते हुए सूर्या चौहान के शव को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया गया. पूरे रास्ते पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की.
यह भी पढ़ें: गली में घेरकर 4 से 5 लड़कों ने पकड़ा, फिर घोंपने लगे चाकू... गाजियाबाद में सूर्या हत्याकांड का आया CCTV
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. वायरल वीडियो, चश्मदीदों के बयान और दूसरे सबूतों को भी जांच में शामिल किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मयंक गौड़