उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में चलती रोडवेज बस के भीतर तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना के दौरान बच्ची के रोने पर उसकी मां ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद आरोपी की पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द चार्जशीट दाखिल कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा.
मामला चित्रकूट के रैपुरा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, एक गांव की रहने वाली महिला अपनी दो बच्चियों के साथ इलाज कराने के लिए प्रयागराज गई थी. इलाज के बाद वह रोडवेज बस से अपने घर लौट रही थी. बस मऊ कस्बे के पास पहुंची तो मानिकपुर निवासी राजकिशोर नाम का युवक महिला के पास वाली सीट पर बैठा था.
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी तीन साल की बच्ची को सीट से उठाकर अपनी गोद में बैठा लिया. कुछ देर बाद उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की. बच्ची अचानक तेज आवाज में रोने लगी. रोने की आवाज सुनते ही मां को शक हुआ. उसने तुरंत बच्ची को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया और उसे पकड़ लिया.
बच्ची के रोने पर मां को हुआ शक
घटना के बाद बस में ही हंगामा मच गया. महिला ने आरोपी की पिटाई की और उसे लेकर सीधे थाने पहुंची. वहां उसने लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है. मामले में अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रैपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी कि बस में यात्रा के दौरान उसके बगल में बैठे एक व्यक्ति ने उसकी तीन साल की बच्ची के साथ गलत हरकत की. उन्होंने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की विवेचना तेजी से पूरी की जाएगी. इसके बाद जल्द न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी और आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उसे सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
अखिलेश कुमार सोनकर