चित्रकूट में चलती रोडवेज बस में 3 साल की मासूम से दरिंदगी, मां ने दिखाई हिम्मत और आरोपी को दबोचा

चित्रकूट में चलती रोडवेज बस में तीन साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. बच्ची के रोने पर उसकी मां ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से बच्ची और मां काफी डरे हुए हैं.

Advertisement
पुलिस ने रेप के आरोपी को गिरफ्तार किया. (Photo: ITG) पुलिस ने रेप के आरोपी को गिरफ्तार किया. (Photo: ITG)

अखिलेश कुमार सोनकर

  • चित्रकूट ,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:45 PM IST

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में चलती रोडवेज बस के भीतर तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना के दौरान बच्ची के रोने पर उसकी मां ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद आरोपी की पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द चार्जशीट दाखिल कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा.

Advertisement

मामला चित्रकूट के रैपुरा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, एक गांव की रहने वाली महिला अपनी दो बच्चियों के साथ इलाज कराने के लिए प्रयागराज गई थी. इलाज के बाद वह रोडवेज बस से अपने घर लौट रही थी. बस मऊ कस्बे के पास पहुंची तो मानिकपुर निवासी राजकिशोर नाम का युवक महिला के पास वाली सीट पर बैठा था. 


महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी तीन साल की बच्ची को सीट से उठाकर अपनी गोद में बैठा लिया. कुछ देर बाद उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की. बच्ची अचानक तेज आवाज में रोने लगी. रोने की आवाज सुनते ही मां को शक हुआ. उसने तुरंत बच्ची को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया और उसे पकड़ लिया.

बच्ची के रोने पर मां को हुआ शक

घटना के बाद बस में ही हंगामा मच गया. महिला ने आरोपी की पिटाई की और उसे लेकर सीधे थाने पहुंची. वहां उसने लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है. मामले में अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रैपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी कि बस में यात्रा के दौरान उसके बगल में बैठे एक व्यक्ति ने उसकी तीन साल की बच्ची के साथ गलत हरकत की. उन्होंने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है. 

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की विवेचना तेजी से पूरी की जाएगी. इसके बाद जल्द न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी और आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उसे सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »