भदोही: इंस्टाग्राम पर प्यार, मंदिर में शादी और फिर मौत...प्रेमिका से अनबन के बाद 10वीं के छात्र ने लगाई फांसी

भदोही में एक नाबालिग छात्र ने अपनी प्रेमिका से फोन पर बात करते हुए आत्महत्या कर ली. इंस्टाग्राम से शुरू हुआ यह प्रेम संबंध मौत के फंदे तक जा पहुंचा. छात्र ने किसी बात पर नाराज होकर कमरे में फांसी लगा ली, जिसकी जानकारी प्रेमिका ने ही परिजनों को दी.

Advertisement
छात्र की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन (Photo- ITG) छात्र की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन (Photo- ITG)

महेश जायसवाल (भदोही)

  • भदोही ,
  • 24 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:56 PM IST

Uttar Pradesh News: भदोही के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में 10वीं के छात्र अनमोल कनौजिया ने अपनी प्रेमिका से फोन पर बातचीत के दौरान फांसी लगाकर जान दे दी. अनमोल को 10 महीने पहले इंस्टाग्राम पर वाराणसी की एक किशोरी से प्यार हुआ था, जिसके बाद दोनों ने कथित तौर पर मंदिर में शादी कर ली थी. बातचीत के दौरान हुई अनबन के बाद अनमोल ने फांसी की धमकी दी और फोन काट दिया. अनमोल के परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

Advertisement

इंस्टाग्राम पर प्यार और फिर 'शादी'

अनमोल और वाराणसी की रहने वाली किशोरी के बीच सोशल मीडिया के जरिए नजदीकियां बढ़ी थीं. बताया जा रहा है कि दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी और लड़की वाराणसी छोड़कर गोपीगंज में एक किराए के कमरे में रहने लगी थी. अनमोल अक्सर उससे मिलने वहां जाता था. रविवार रात को भी दोनों फोन पर लंबी बात कर रहे थे, तभी किसी बात को लेकर विवाद हुआ और अनमोल ने आत्मघाती कदम उठा लिया.

मुंबई में माता-पिता को मिली सूचना

अनमोल के माता-पिता मुंबई में रहते हैं. जब अनमोल ने फांसी लगाई, तो लड़की ने तुरंत इसकी जानकारी उसकी मां को फोन पर दी. पिता के मुताबिक, उन्हें शादी के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं थी, लेकिन लड़की ने ही घटना की सूचना दी. इसके बाद घर पर मौजूद परिजनों ने अनमोल के कमरे का दरवाजा तोड़ा. गोपीगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है.

Advertisement

पुलिस की जांच जारी

गोपीगंज कोतवाली प्रभारी शैलेश राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. पुलिस कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है. जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. छात्र की मौत के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और सोशल मीडिया के रिश्तों पर बहस छिड़ गई है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement