उत्तर प्रदेश के बरेली में सामने आया गीता यादव हत्याकांड रिश्तों की जटिल सच्चाई और टूटते भरोसे की एक ऐसी कहानी बन गया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पति के बाद अब उसकी प्रेमिका को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह घटना थाना सुभाषनगर क्षेत्र की है, जहां 22 अप्रैल को एक महिला की हत्या का मामला सामने आया था. मृतका की पहचान गीता यादव के रूप में हुई थी. शुरुआती जांच में ही शक की सुई उसके पति भारत सिंह यादव की ओर घूम गई, जो भारतीय सेना में काम करता है.
पुलिस जांच में सामने आया कि भारत सिंह यादव ने ही अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की थी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था. हालांकि बाद में उसने अदालत में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जब गहराई से जांच शुरू की, तो एक चौंकाने वाली प्रेम कहानी सामने आई. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि करीब पांच साल पहले उसकी मुलाकात फेसबुक के जरिए बदायूं जिले के परवेज नगर निवासी सुरभि यादव से हुई थी. शुरुआत में बातचीत हुई, फिर यह दोस्ती धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गई.
तड़के 4 बजे घर में गला घोंटकर की हत्या
समय के साथ यह रिश्ता इतना गहरा हो गया कि भारत सिंह अपने परिवार से दूरी बनाने लगा. वह चोरी-छुपे सुरभि से मिलने भी जाता था और छुट्टियों के दौरान उसके साथ समय बिताने लगा. पुलिस के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका को हर महीने करीब 15 हजार रुपये भी देता था. जब उसकी पत्नी गीता यादव को इस अवैध संबंध की जानकारी हुई, तो घर में लगातार विवाद होने लगे. पति-पत्नी के बीच तनाव बढ़ता गया और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि रिश्तों की डोर पूरी तरह टूटने लगी.
जांच में यह भी सामने आया कि सुरभि यादव ने भारत सिंह पर अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया था. इसी के चलते 18 अप्रैल को दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची. इसके बाद 21 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे भारत सिंह ने बरेली के बीडीए कॉलोनी स्थित अपने घर में गीता यादव का गला दबाकर हत्या कर दी.
यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसने पुलिस की जांच को मजबूत आधार दिया. वारदात के बाद भारत सिंह फरार हो गया और उसने फोन पर अपनी प्रेमिका को पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने जब कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच की, तो सुरभि यादव की भूमिका भी सामने आ गई. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया.
मुख्य आरोपी के बाद प्रेमिका भी गिरफ्तार
इस पूरे मामले में एसपी सिटी बरेली मानुष पारीक ने बताया कि 22 तारीख को थाना सुभाषनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या उसके पति भारत सिंह ने की थी. उन्होंने बताया कि आरोपी ने दो दिन पहले अदालत में सरेंडर किया था और अब उसकी प्रेमिका को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है और सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. यह घटना न सिर्फ एक जघन्य अपराध की कहानी है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे एक अवैध संबंध धीरे-धीरे परिवार को तोड़ देता है और अंत में अपराध की ओर धकेल देता है.
कृष्ण गोपाल राज