यूपी में बाराबंकी में 11 साल की अनुष्का हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया. हत्या की आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका की सगी बड़ी बहन और उसका प्रेमी शिवम निकले.
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर अनुष्का की गला दबाकर हत्या कर दी थी. वारदात के बाद शव को पास के गेहूं के खेत में फेंक दिया गया, ताकि घटना को छिपाया जा सके. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है.
घटना गुरुवार की है. जब एक परिवार की चारों बेटियां खेत में मेंथा की रोपाई कर रही थीं. दोपहर में तीन बहनें घर लौट आईं, जबकि अनुष्का खेत में ही रुक गई. शाम करीब चार बजे जब परिजन वापस खेत पहुंचे तो वह वहां नहीं मिली. काफी तलाश के बाद उसका शव पास के खेत में मिला, जिसके गले पर नाखून के गहरे निशान थे.
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की. इस दौरान बड़ी बहन के बयानों में विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस का शक गहरा गया. सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गई और उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया.
क्या थी हत्या की वजह?
पुलिस पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह अपने प्रेमी शिवम के साथ खेत में आपत्तिजनक अवस्था में थी. इसी दौरान अनुष्का ने उन्हें देख लिया और घर में बताने की बात कही. इस बात से घबराकर उसने प्रेमी संग मिलकर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
गुमराह करने की नाकाम कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद लड़की ने खुद ही घर जाकर अनुष्का के लापता होने की कहानी बनाई, ताकि किसी को उस पर शक न हो. बाद में उसने पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर छिप नहीं सकी.
फेसबुक से शुरू हुआ था 'इश्क'
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों की दोस्ती करीब दो महीने पहले फेसबुक के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. परिवार को इस रिश्ते की जानकारी होने के बाद लड़की पर पाबंदियां लगा दी गई थीं, लेकिन वह चोरी-छिपे संपर्क में बनी रही.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद ली और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल दोनों को जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
सैयद रेहान मुस्तफ़ा