Uttar Pradesh News: बलिया जिले की बैरिया तहसील में तैनात उप जिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह को उनके पालतू अमेरिकन बुल नस्ल के कुत्ते ने 5 मार्च को सरकारी आवास पर काट लिया. यह घटना तब हुई जब एसडीएम अपने पिता को कुत्ते के हमले से बचाने की कोशिश कर रहे थे.
कुत्ते ने उनके दोनों हाथों को बुरी तरह जख्मी कर दिया, जिससे वह हस्ताक्षर करने की स्थिति में भी नहीं रहे. स्थानीय उपचार के बाद उन्होंने बेहतर इलाज के लिए जिलाधिकारी से मेडिकल लीव की मांग की. डीएम ने छुट्टी मंजूर करते हुए उनके स्थान पर दूसरे अधिकारी की तैनाती कर दी. वहीं, इस प्रकरण में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह का कहना है कि SDM का ट्रांसफर पहले हो चुका था.
पिता को बचाने में हुए जख्मी
एसडीएम आलोक प्रताप सिंह के मुताबिक, उनके सरकारी आवास पर मौजूद पालतू कुत्ता उनके पिता को परेशान कर रहा था. जब उन्होंने कुत्ते को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो जानवर ने उन पर ही हमला बोल दिया. इस हमले में उनके दोनों हाथों से काफी खून बहा. अधिकारी का कहना है कि चोट इतनी गंभीर है कि वह अपने आधिकारिक दायित्वों का निर्वहन और जरूरी कागजातों पर हस्ताक्षर करने में असमर्थ हैं, इसलिए उन्हें छुट्टी लेनी पड़ी.
छुट्टी के साथ मिला तबादला
सोशल मीडिया पर एसडीएम साहब का छुट्टी वाला पत्र तेजी से वायरल हो रहा है. दिलचस्प बात यह है कि जिलाधिकारी ने उनकी परेशानी को देखते हुए न सिर्फ अवकाश स्वीकृत किया, बल्कि कार्य प्रभावित न हो इसके लिए बैरिया तहसील में उनके स्थान पर दूसरे उप जिलाधिकारी की नियुक्ति भी कर दी. आलोक प्रताप सिंह ने पत्र वायरल होने पर अनभिज्ञता जताई है, हालांकि उन्होंने पत्र में लिखी गई सभी बातों को पूरी तरह सत्य करार दिया है.
अनिल अकेला