फिलीपींस के ब्यूरो ऑफ जेल मैनेजमेंट एंड पेनोलॉजी (BJMP) की आधिकारिक फेसबुक पोस्ट के मुताबिक, वीकेंड ट्रिप के लिए होटल ढूंढ रही एक महिला से ऐसी गलती हो गई कि उसने होटल की जगह महिलाओं की जेल में ही कमरा बुक करने का मैसेज भेज दिया. जेल प्रशासन ने जब सच्चाई बताई तो महिला ने तुरंत माफी मांग ली. बाद में महिला की अनुमति से पूरी बातचीत सोशल मीडिया पर साझा की गई, जो अब तेजी से वायरल हो रही है.
'कोई कमरा खाली है?'
बीजेएमपी के मुताबिक, महिला फिलीपींस के बागियो शहर घूमने की योजना बना रही थी. ठहरने के लिए होटल तलाशते समय उसने सोशल मीडिया पर बीजेएमपी बागियो सिटी जेल फीमेल डॉर्मिटरी का पेज खोल लिया. उसे लगा कि यह किसी होटल का पेज है.महिला ने मैसेज भेजकर पूछा कि क्या वीकेंड के लिए कोई कमरा उपलब्ध है.
जेल प्रशासन ने दिया शालीन जवाब
महिला का मैसेज पढ़ने के बाद जेल स्टाफ ने बेहद विनम्रता से जवाब दिया.मैडम, यह महिलाओं की जेल है.इतना पढ़ते ही महिला को अपनी गलती का एहसास हो गया. उसने तुरंत सिर्फ 'सॉरी' लिखकर जवाब दिया.
महिला की अनुमति के बाद शेयर की गई चैट
बीजेएमपी ने बताया कि महिला की अनुमति लेने के बाद ही इस बातचीत के स्क्रीनशॉट अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा किए गए.पोस्ट के साथ जेल प्रशासन ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब तो वीकेंड ट्रिप का समय आ गया है, लेकिन एक बात याद रखें कि बीजेएमपी की जेलें होटल नहीं हैं.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनका विभाग अपने जेल परिसरों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार काम करता है, ताकि वहां रह रहे कैदियों को मानवीय और सुरक्षित वातावरण मिल सके.
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
पोस्ट वायरल होते ही लोगों ने मजेदार कमेंट्स करने शुरू कर दिए. एक यूजर ने लिखा कि कम से कम जेल वालों ने जवाब तो दिया. दूसरे ने मजाक में कहा कि यहां तो फ्री में खाना, रहने की जगह और 24 घंटे सुरक्षा भी मिलेगी.एक अन्य यूजर ने लिखा कि होटल से बेहतर है, किराया भी नहीं देना पड़ेगा.वहीं कई लोगों ने जेल प्रशासन की तारीफ की कि उन्होंने महिला का मजाक उड़ाने के बजाय पूरे मामले को हल्के-फुल्के अंदाज में लिया.
इस घटना से क्या सीख मिलती है?
यह घटना याद दिलाती है कि सोशल मीडिया या इंटरनेट पर किसी होटल, गेस्ट हाउस या अन्य सेवा की बुकिंग करने से पहले संबंधित पेज या अकाउंट की पहचान जरूर जांच लेनी चाहिए. एक छोटी-सी गलती भी कभी-कभी इंटरनेट पर वायरल होने की वजह बन सकती है.
aajtak.in