बिना डरे अजगर पर लेटी रही बच्ची, घरवाले बनाते रहे वीडियो, वीडियो देखकर भड़के लोग

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटी बच्ची विशाल रेटिकुलेटेड पायथन के ऊपर लेटी नजर आ रही है. वीडियो देखकर लोग हैरान हैं और माता-पिता की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं. 

Advertisement
जानिए दुनिया के सबसे लंबे सांपों में शामिल इस अजगर के बारे में रोचक और चौंकाने वाली बातें. ( Photo: Instagram/therealtarzann) जानिए दुनिया के सबसे लंबे सांपों में शामिल इस अजगर के बारे में रोचक और चौंकाने वाली बातें. ( Photo: Instagram/therealtarzann)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 31 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:07 AM IST

सोशल मीडिया पर हर दिन कई वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जिन्हें देखकर लोग हैरान रह जाते हैं. इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो इंटरनेट पर तेजी से चर्चा में है. वीडियो में एक छोटी बच्ची एक अजगर के ऊपर आराम से लेटी हुई दिखाई दे रही है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बच्ची के चेहरे पर डर का नामोनिशान नहीं है, जबकि उसके आसपास मौजूद लोग आराम से वीडियो बनाने में व्यस्त हैं.

Advertisement

अजगर को बना लिया खिलौना
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बड़ा और भारी अजगर जमीन पर पड़ा हुआ है. तभी एक शख्स सांप के शरीर को उठाकर बच्ची के ऊपर रख देता है. इसके बाद बच्ची भी बिना डरे उस अजगर पर लेट जाती है. देखने वालों को ऐसा लग सकता है कि वह कोई पालतू जानवर हो, लेकिन हकीकत में वह दुनिया के सबसे बड़े और ताकतवर सांपों में से एक है. इस वीडियो को अमेरिकी वन्यजीव इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर माइक हॉल्हटन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है. माइक को लोग रियल टार्जन के नाम से भी जानते हैं और वे अक्सर खतरनाक जानवरों के साथ वीडियो पोस्ट करते रहते हैं.

वीडियो देखते ही भड़के लोग
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने इसकी जमकर आलोचना शुरू कर दी. कई यूजर्स का कहना है कि कुछ लोग लाइक्स, व्यूज और वायरल होने के चक्कर में बच्चों की सुरक्षा तक को नजरअंदाज कर देते हैं. एक यूजर ने लिखा- अगर अचानक सांप आक्रामक हो जाता तो क्या होता? वहीं दूसरे यूजर ने कहा, "ऐसे खतरनाक जानवर के साथ बच्चे को छोड़ना बेहद गैर-जिम्मेदाराना हरकत है. कई लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि माता-पिता को बच्चों की सुरक्षा के साथ ऐसा जोखिम नहीं लेना चाहिए, चाहे वीडियो कितना भी वायरल क्यों न हो जाए.

Advertisement

कितना खतरनाक होता है यह अजगर?
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला सांप रेटिकुलेटेड पायथन यानी जालीदार अजगर है. यह दुनिया के सबसे लंबे सांपों में गिना जाता है. इसकी लंबाई आमतौर पर 20 से 22 फीट तक हो सकती है, जबकि कुछ मामलों में यह 30 फीट से भी ज्यादा लंबा पाया गया है. इसका वजन 75 से 150 किलोग्राम तक पहुंच सकता है. हालांकि यह जहरीला नहीं होता, लेकिन इसकी ताकत बेहद खतरनाक होती है. यह अपने शिकार को काटकर नहीं मारता, बल्कि अपने मजबूत शरीर से कसकर जकड़ लेता है. जब शिकार सांस नहीं ले पाता, तब यह उसे पूरा निगल जाता है.

कहां पाया जाता है यह सांप?
रेटिकुलेटेड पायथन मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में पाया जाता है. खासकर इंडोनेशिया के सुमात्रा, जावा, बोर्नियो और बाली जैसे इलाकों में इसकी संख्या ज्यादा है. समय-समय पर इस सांप द्वारा इंसानों पर हमले और उन्हें निगलने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं.

विशेषज्ञ क्या कहते हैं?
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि चाहे कोई भी सांप कितना भी शांत क्यों न दिखाई दे, वह आखिरकार एक जंगली जीव ही होता है. इसलिए बच्चों को ऐसे जानवरों के बेहद करीब ले जाना या उनके साथ खेलना सुरक्षित नहीं माना जाता. यह वायरल वीडियो भले ही लोगों का ध्यान खींच रहा हो, लेकिन इसके साथ एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर रहा है- क्या कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए बच्चों की सुरक्षा को खतरे में डालना सही है? यही सवाल अब सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है.  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »