क्लास में बात करने पर टीचर ने 4 साल की बच्ची के होंठ पर लगाई गर्म ग्लू,पड़े छाले

चीन के जियांगसू प्रांत में एक किंडरगार्टन टीचर पर 4 साल की बच्ची के होंठ पर गर्म ग्लू गन लगाने का आरोप लगा है. बताया गया कि क्लास में बात करने से नाराज टीचर ने बच्ची को सजा दी, जिससे उसके होंठ पर गंभीर छाले पड़ गए. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

Advertisement
बच्ची के माता-पिता की शिकायत के बाद शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. ( Photo: ITG) बच्ची के माता-पिता की शिकायत के बाद शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 07 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:14 AM IST

स्कूल और किंडरगार्टन बच्चों के लिए सुरक्षित जगह माने जाते हैं, जहां वे खेलते हैं, सीखते हैं और नई चीजें समझते हैं. लेकिन चीन से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक किंडरगार्टन शिक्षिका पर आरोप लगा है कि उसने महज शरारत और बात करने की सजा देने के लिए 4 साल की बच्ची के होंठ पर गर्म ग्लू लगा दी, जिससे उसके होंठ पर गंभीर छाले पड़ गए. यह घटना चीन के जिआंगसू प्रांत के फैक्सियन काउंटी स्थित एक किंडरगार्टन की बताई जा रही है. मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्ची के माता-पिता ने उसकी चोटों को देखा और स्कूल से जवाब मांगा. घटना के बाद शिक्षिका को सस्पेंड  कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

क्लास में बात करने पर दी गई सजा
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 27 मई की सुबह हुई. आरोप है कि शिक्षिका बच्चों के कक्षा में बात करने से नाराज थी. इसी वजह से उसने कुछ बच्चों को सजा देने के लिए एक-एक करके अपने पास बुलाया. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि शिक्षिका ने सबसे पहले एक छोटे लड़के की हथेली पर ग्लू गन लगाई. गर्म ग्लू लगते ही लड़के ने तुरंत हाथ पीछे खींच लिया. इसके बाद शिक्षिका ने उसे डांटा और जाने दिया.
 
बच्ची के होंठ पर दो बार लगाई गर्म ग्लू
इसके बाद शिक्षिका ने चार साल की एक बच्ची को अपने सामने बुलाया. वीडियो के अनुसार बच्ची वहां से हटने और बचने की कोशिश कर रही थी, लेकिन शिक्षिका ने उसे पकड़कर उसके ऊपरी होंठ पर दो बार गर्म ग्लू लगा दी. हैरानी की बात यह रही कि पास की कक्षा में मौजूद एक पुरुष शिक्षक ने भी इस दौरान कोई हस्तक्षेप नहीं किया। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

Advertisement

शाम तक पड़ गए गंभीर छाले
घर पहुंचने के बाद बच्ची के होंठ पर सूजन और छाले दिखाई देने लगे. कुछ समय बाद छालों से मवाद निकलने लगा और दर्द के कारण बच्ची लगातार रोने लगी. बेटी की हालत देखकर उसके माता-पिता तुरंत उसे अस्पताल ले गए. साथ ही उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी. जांच के दौरान परिवार ने स्कूल की निगरानी कैमरों की फुटेज भी देखी.

फुटेज देखकर टूट गया मां का दिल
बच्ची की मां ने कहा कि जब उन्होंने वीडियो देखा तो उनका दिल टूट गया. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक चार साल की बच्ची से ऐसी कौन-सी गलती हो गई थी, जिसके लिए उसके साथ इतना कठोर व्यवहार किया गया. मां का कहना है कि शिक्षिका ने शुरुआत में घटना के बारे में अलग कहानी बताई थी. पहले उसने दावा किया कि बच्ची को चोट खुद लगी थी. बाद में उसने कहा कि यह गलती से हुआ हादसा था. लेकिन सीसीटीवी फुटेज में जो दिखाई दिया, वह उसकी बातों से मेल नहीं खाता.

क्या होती है ग्लू गन?
ग्लू गन एक ऐसा उपकरण है जिसका इस्तेमाल आमतौर पर क्राफ्ट और सजावट के काम में किया जाता है. इसमें ग्लू को गर्म करके पिघलाया जाता है और फिर उसे अलग-अलग चीजों को चिपकाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. गर्म ग्लू त्वचा पर लगने से जलन और छाले पड़ सकते हैं. बताया जा रहा है कि शिक्षिका उसी ग्लू गन का इस्तेमाल बच्चों से कक्षा की सजावट संबंधी गतिविधियां करवाने की तैयारी में कर रही थी.

Advertisement

जांच जारी, बच्चों को दी जा रही काउंसलिंग
घटना सामने आने के बाद स्थानीय शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. स्कूल को शिक्षकों के व्यवहार और नैतिक प्रशिक्षण को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही बच्चों को मनोवैज्ञानिक सहायता देने के लिए विशेषज्ञों की टीम भी भेजी गई है. चीन में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं. पिछले कुछ वर्षों में कई शिक्षकों पर बच्चों को पीटने, डराने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लग चुके हैं. फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और पुलिस शिक्षिका से पूछताछ कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »