Budget-Friendly Monsoon Destinations: तपती गर्मी से बारिश आते ही राहत मिल जाती है और इसके साथ ही इस मौसम में घूमने का भी मजा दोगुना हो जाता है. मानसून आते ही भारत की कई खूबसूरत जगहों की तस्वीर ही बदल जाती है. पहाड़ हरी चादर ओढ़ लेते हैं, झरने पूरे वेग से बहने लगते हैं और मौसम इतना सुहाना हो जाता है कि हर किसी का मन घूमने का करने लगता है.
इससे भी अच्छी बात यह है कि बारिश का मौसम कई जगहों के लिए ऑफ-सीजन भी होता है. ऐसे में फ्लाइट, होटल, रिसॉर्ट और होमस्टे के किराए 30 से 50 फीसदी तक कम हो जाते हैं. यानी जिस ट्रिप के लिए आपको दूसरे सीजन में ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं, वही सफर मानसून में लगभग आधे बजट में पूरा किया जा सकता है.
अगर आप दोस्तों या परिवार के साथ कम खर्च में यादगार ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो 5 जगहें आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
गोवा: बारिश में दिखता है इसका सबसे खूबसूरत रूप
गोवा को ज्यादातर लोग सर्दियों की छुट्टियों के लिए पसंद करते हैं, लेकिन मानसून में इसकी खूबसूरती देखने लायक होती है. जून से सितंबर के बीच यहां टूरिस्ट की संख्या कम हो जाती है, इसलिए होटल और बीच रिसॉर्ट्स के किराए 50 फीसदी तक कम हो जाते हैं.
इस मौसम में चारों तरफ हरियाली छा जाती है और दूधसागर वॉटरफॉल अपने पूरे उफान पर होता है, जिसे देखकर ऐसा लगता है जैसे इतनी ऊंचाई से दूध की धारा बह रही हो. स्कूटी किराए पर लेकर बारिश की फुहारों के बीच गांवों और समुद्र किनारे घूमना एक अलग ही एक्सपीरियंस देता है. अगर आप भीड़ से दूर शांत गोवा देखना चाहते हैं, तो मानसून सबसे अच्छा समय है.
उदयपुर: झीलों का शहर बारिश में लगता है और भी हसीन
राजस्थान का उदयपुर मानसून के दौरान किसी ड्रीम डेस्टिनेशन से कम नहीं लगता. गर्मियों और बारिश के मौसम को यहां ऑफ-सीजन माना जाता है, इसलिए लेक-व्यू होटल और हेरिटेज हवेलियां काफी कम कीमत में मिल जाती हैं.
बारिश के बाद अरावली की पहाड़ियां हरी-भरी हो जाती हैं और पिचोला, फतेह सागर झील का नजारा और भी दिल को छू लेने वाला हो जाता है. सज्जनगढ़ यानी मानसून पैलेस से बादलों के बीच पूरे शहर को निहारना हर ट्रैवलर के लिए लाइफटाइम के लिए यादगार बन जाता है.
पुडुचेरी: फ्रेंच गलियां, कॉफी और सुकून भरा सफर
अगर आप शोर-शराबे से दूर शांत माहौल में कुछ दिन बिताना चाहते हैं, तो पुडुचेरी आपके लिए परफेक्ट रहने वाला है. मानसून में यहां पर्यटकों की संख्या कम होने से व्हाइट टाउन के खूबसूरत बुटीक होटल और कैफे काफी सस्ते मिल जाते हैं.
हल्की बारिश के बीच रंग-बिरंगी फ्रेंच गलियों में घूमना, प्रोमेनेड बीच पर लहरों की आवाज सुनना और किसी कैफे में बैठकर कॉफी पीना इस ट्रिप को बेहद खास बना देता है. सोलो ट्रैवलर्स और कपल्स के लिए यह जगह मानसून में किसी जन्नत से कम नहीं है.
लोनावला और कर्जत: बादलों के बीच यादगार रोड ट्रिप
मुंबई और पुणे के पास स्थित लोनावला और कर्जत मानसून शुरू होते ही पूरी तरह बदल जाते हैं. यहां चारों तरफ हरियाली, पहाड़ों से गिरते छोटे-छोटे झरने और धुंध से ढकी वादियां हर किसी का दिल जीत लेती हैं. अगर आप सोमवार से गुरुवार के बीच यहां घूमने जाते हैं, तो विला और रिसॉर्ट्स आधे से भी कम कीमत पर मिल सकते हैं.
भुशी डैम, कोंडाना गुफाएं और आसपास के व्यू पॉइंट्स इस मौसम में सबसे ज्यादा खूबसूरत नजर आते हैं. इसके अलावा यहां पर आप एतिहासिक किले भी घूम सकते हैं, जहां से मंत्रमुग्ध करने वाले नजारे देखने को मिलते हैं. अपने दोस्तों के साथ वीकडे रोड ट्रिप के लिए यह शानदार डेस्टिनेशन है.
मुन्नार: चाय के बागानों के बीच बिताएं सुकून भरे पल
केरल का मुन्नार मानसून में अपनी अलग ही पहचान बना लेता है. बारिश के दौरान यहां आम पर्यटक कम आते हैं, इसलिए रिसॉर्ट्स और ठहरने की दूसरी सुविधाएं काफी सस्ती हो जाती हैं. पहाड़ों की ढलानों पर फैले चाय के बागानों पर गिरती बारिश की बूंदें पूरे इलाके को किसी खूबसूरत पेंटिंग जैसा बना देती हैं.
अटुकड़ वॉटरफॉल इस मौसम में पूरे बहाव से बहता है और चारों ओर फैली धुंध सफर को और भी यादगार बना देती है. अगर आप नेचर के बीच कुछ शांत दिन बिताना चाहते हैं, तो मुन्नार जरूर जाएं.
मानसून ट्रिप में ऐसे करें ज्यादा बचत
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क