Dussehra 2026 Long Weekend: अक्टूबर के सुहाने मौसम में अगर घूमने-फिरने का मौका मिल जाए, तो क्या कहने! इस साल दशहरा यानी विजयादशमी 20 अक्टूबर, मंगलवार को है. अगर आप 19 अक्टूबर, सोमवार की छुट्टी ले लेते हैं तो शनिवार 17 अक्टूबर से मंगलवार 20 अक्टूबर तक लगातार चार दिन घूमने का समय मिल सकता है. ऐसे में आप राजस्थान के ऐतिहासिक शहरों से लेकर कर्नाटक के प्राचीन मंदिरों और गोवा के खूबसूरत बीच तक घूमने जा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसी 5 जगहों के बारे में, जहां आप चार दिन की छुट्टी में घूमने का प्लान बना सकते हैं.
जयपुर और उदयपुर (राजस्थान)
अक्टूबर का सुहना मौसम राजस्थान घूमने के लिए बेस्ट है. इस दौरान मानसून का मौसम खत्म होने लगता है और सर्दियों की शुरुआत होती है. ऐसे में यहां घूमना आरामदायक हो सकता है. जयपुर में आप आमेर किला, सिटी पैलेस, हवा महल और जंतर-मंतर देख सकते हैं. वहीं, उदयपुर अपनी खूबसूरत झीलों, महलों और पुरानी गलियों के लिए मशहूर है.
चार दिन में आप दो दिन जयपुर और दो दिन उदयपुर घूमने के लिए रख सकते हैं. इससे आपको दोनों शहरों को आराम से एक्सप्लोर करने का मौका मिलेगा.
हम्पी (कर्नाटक)
अगर आपको इतिहास और पुरानी इमारतें देखने का शौक है तो कर्नाटक का हम्पी घूमने जा सकते हैं. यहां विजयनगर साम्राज्य के ऐतिहासिक खंडहर, प्राचीन मंदिर और बड़ी-बड़ी चट्टानें देखने को मिलती हैं. अक्टूबर से फरवरी तक का समय यहां घूमने के लिए अच्छा माना जाता है.
हम्पी में आप विरुपाक्ष मंदिर, विट्ठल मंदिर परिसर, स्टोन रथ, लोटस महल और मतंग हिल जैसी जगहें देख सकते हैं. यहां की ऐतिहासिक इमारतें और चट्टानों से भरा नजारा इसे दूसरी जगहों से अलग बनाते हैं. चार दिन की छुट्टी में हम्पी घूमने का प्लान आसानी से बनाया जा सकता है.
गोवा
अगर आप दशहरे की छुट्टी में बीच पर घूमना, अच्छा खाना खाना और आराम करना चाहते हैं तो गोवा जा सकते हैं. अक्टूबर में मानसून का असर कम होने लगता है और मौसम धीरे-धीरे घूमने के अनुकूल होने लगता है.
यहां आप नॉर्थ गोवा के बीच, कैफे और नाइटलाइफ का मजा ले सकते हैं. वहीं, साउथ गोवा में अपेक्षाकृत शांत माहौल में समय बिता सकते हैं. चार दिन की यात्रा में दोनों इलाकों को शामिल किया जा सकता है. हालांकि, अक्टूबर में मौसम बदल सकता है, इसलिए यात्रा से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देख लें.
केरल
अगर आप हरियाली, पहाड़, झीलें और शांत माहौल पसंद करते हैं तो केरल भी आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. यहां आपको प्राकृतिक नजारों के साथ ऐतिहासिक जगहों और बैकवॉटर का अनुभव भी मिलेगा.
चार दिन की यात्रा में कोच्चि और मुन्नार या फिर कोच्चि और अलप्पुझा घूमने का प्लान बनाया जा सकता है. मुन्नार अपने चाय के बागानों और पहाड़ी नजारों के लिए जाना जाता है, जबकि अलप्पुझा में बैकवॉटर की सैर का अनुभव लिया जा सकता है. कम समय में पूरे केरल को घूमने की कोशिश करने के बजाय एक या दो जगहों पर ध्यान देना बेहतर रहेगा.
दार्जिलिंग
अगर आपको पहाड़ और ठंडा मौसम पसंद है तो पश्चिम बंगाल का दार्जिलिंग घूमने जा सकते हैं. अक्टूबर में मानसून के बाद आसमान साफ होने पर हिमालय के खूबसूरत नजारे देखने का मौका मिल सकता है.
यहां आप दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की सवारी कर सकते हैं, चाय के बागानों में घूम सकते हैं और खूबसूरत व्यूपॉइंट्स से पहाड़ों का नजारा देख सकते हैं. हालांकि, पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें.
इन बातों का रखें ध्यान
दशहरे की छुट्टी के दौरान कई लोग घूमने का प्लान बनाते हैं. ऐसे में ट्रेन, फ्लाइट और होटल की बुकिंग पहले से कर लेना बेहतर रहेगा. अगर आप दिल्ली-एनसीआर से जा रहे हैं तो जयपुर जैसे नजदीकी डेस्टिनेशन पर विचार कर सकते हैं. वहीं, दूसरे शहरों से जाने वाले लोग अपनी सुविधा, यात्रा के समय और बजट के हिसाब से जगह चुनें.
चार दिन की छुट्टी में बहुत सारी जगहों को शामिल करने के बजाय एक या दो डेस्टिनेशन को आराम से एक्सप्लोर करें. इससे आप आराम से अपनी छुट्टियां एंजॉय कर सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क