Places to visit in September: सितंबर का महीना घूमने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. इस दौरान मानसून धीरे-धीरे खत्म होने लगता है और मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगती है. बारिश के बाद पहाड़, घाटियां और जंगल हरियाली से भर जाते हैं, वहीं कई जगहों पर आसमान साफ होने लगता है.
ऐसे में अगर आप सितंबर में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो भारत में कई ऐसी जगहें हैं जहां आप प्रकृति, एडवेंचर, संस्कृति और शांति का आनंद ले सकते हैं. आइए जानते हैं सितंबर में घूमने के लिए भारत की 10 खूबसूरत जगहों के बारे में.
शिलॉन्ग (मेघालय)
मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग को 'स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट' भी कहा जाता है. यहां आपको हरे-भरे पहाड़, चीड़ के जंगल और खूबसूरत झरने देखने को मिलते हैं. सितंबर में मानसून के बाद यहां की हरियाली और भी ज्यादा खूबसूरत नजर आती है. अगर आपको प्रकृति और शांत माहौल पसंद है तो शिलॉन्ग बेस्ट ऑप्शन हो सकता है.
केरल का मुन्नार
केरल का मुन्नार अपनी हरी-भरी चाय की पहाड़ियों, धुंध भरी घाटियों और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है. सितंबर में बारिश के बाद यहां का मौसम सुहावना रहता है और आसपास की हरियाली देखने लायक होती है. इस दौरान आप ट्रेकिंग, बोटिंग और आसपास की जगहों की सैर कर सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला को 'क्वीन ऑफ हिल्स' कहा जाता है. यहां का ठंडा मौसम, देवदार के जंगल और पहाड़ों के खूबसूरत नजारे पर्यटकों को खूब पसंद आते हैं. सितंबर में मानसून के बाद शिमला की हरियाली और निखर जाती है. इस दौरान आप माल रोड, आसपास के पर्यटन स्थलों और पहाड़ी नजारों का आनंद ले सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का मनाली
अगर आपको पहाड़ों के साथ एडवेंचर पसंद है तो सितंबर में मनाली जा सकते हैं. कुल्लू घाटी में स्थित मनाली अपने खूबसूरत पहाड़ों, घाटियों, मंदिरों और ट्रेकिंग रूट्स के लिए मशहूर है. सितंबर में मौसम आउटडोर एक्टिविटीज के लिए काफी अच्छा रहता है. यहां आप ट्रेकिंग, घूमने-फिरने और रिवर राफ्टिंग जैसी एक्टिविटीज का मजा ले सकते हैं.
उत्तर प्रदेश का वाराणसी
अगर आप प्राकृतिक जगहों के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव लेना चाहते हैं तो वाराणसी जा सकते हैं. गंगा किनारे बसा यह शहर अपने घाटों, मंदिरों और आध्यात्मिक माहौल के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. सितंबर में बारिश के बाद मौसम थोड़ा सुहावना हो जाता है, जिससे शहर घूमना आसान रहता है. शाम के समय गंगा आरती देखना यहां के खास अनुभवों में शामिल है.
महाराष्ट्र का लोनावला और खंडाला
मुंबई और पुणे के पास स्थित लोनावला और खंडाला सितंबर में घूमने के लिए शानदार जगहें हैं. मानसून के बाद यहां पहाड़ों पर हरियाली, झरने और धुंध भरा मौसम देखने को मिलता है. यहां आप प्रकृति का आनंद लेने के साथ ट्रेकिंग और दूसरी एक्टिविटीज भी कर सकते हैं. वीकेंड ट्रिप के लिए भी ये दोनों जगहें अच्छी हैं.
उत्तराखंड का अल्मोड़ा
उत्तराखंड का अल्मोड़ा हिमालय के खूबसूरत नजारों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. यहां आपको पहाड़ों के साथ पुराने मंदिर, स्थानीय बाजार और पारंपरिक हस्तशिल्प भी देखने को मिलेंगे. सितंबर में बारिश के बाद आसमान साफ होने पर हिमालय के शानदार नजारे दिखाई दे सकते हैं. भीड़ से दूर शांत जगह पर घूमना चाहते हैं तो अल्मोड़ा बेहतर ऑप्शन है.
राजस्थान का नीमराना
अगर आप सितंबर में किसी हेरिटेज डेस्टिनेशन की सैर करना चाहते हैं तो नीमराना जा सकते हैं. यहां का नीमराना फोर्ट पैलेस काफी प्रसिद्ध है. किले की खूबसूरती देखने के अलावा आसपास की जगहों पर घूम सकते हैं और जिपलाइन जैसी एडवेंचर एक्टिविटी का मजा भी ले सकते हैं. सितंबर में मौसम गर्मियों की तुलना में बेहतर रहता है, इसलिए घूमने में ज्यादा परेशानी नहीं होती.
पश्चिम बंगाल का डुआर्स
प्रकृति और जंगल पसंद करने वालों के लिए डुआर्स एक शानदार जगह है. हिमालय की तलहटी में बसे इस इलाके में घने जंगल, नदियां और चाय के बागान देखने को मिलते हैं. आसपास गोरुमारा और जलदापाड़ा जैसे वन्यजीव क्षेत्र भी हैं, जहां सफारी और बर्ड वॉचिंग का अनुभव लिया जा सकता है. सितंबर में बारिश के बाद यहां की हरियाली काफी खूबसूरत नजर आती है.
महाराष्ट्र का तारकरली
अगर सितंबर में पहाड़ों के बजाय समुद्र किनारे घूमने का मन है तो महाराष्ट्र का तारकरली अच्छा विकल्प हो सकता है. यह जगह अपने साफ समुद्र तट, हरियाली और वाटर स्पोर्ट्स के लिए जानी जाती है. यहां आप समुद्र किनारे सुकून के पल बिताने के साथ स्नॉर्कलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी एक्टिविटीज का मजा भी ले सकते हैं. मानसून के बाद आसपास की हरियाली इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क