एक देश... लेकिन 2 या 3 राजधानियां! दुनिया के इन 8 अनोखे देशों के बारे में जानकर रह जाएंगे हैरान

Countries With More Than One Capital: क्या आप जानते हैं कि दुनिया में कई ऐसे देश हैं जहां एक नहीं बल्कि 2 या 3 राजधानियां हैं? दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, मलेशिया, बोलिविया समेत 8 देशों में 2 से 3 राजधानियां हैं. आज हम आपको इस आर्टिकल मेंइनकी वजहों के बारे में बताने वाले हैं.

Advertisement
भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका की भी एक नहीं बल्कि 2 राजधानियां हैं. (Photo: ITG) भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका की भी एक नहीं बल्कि 2 राजधानियां हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 10 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:00 PM IST

Countries With More Than One Capital: जब भी किसी देश का नाम सुनते हैं, तो दिमाग में उसकी राजधानी का नाम आता है. जैसे भारत की नई दिल्ली, जापान की टोक्यो या फ्रांस की पेरिस. जब से होश संभाला है, तब से आपने यही पढ़ा और जाना होगा कि हर देश की सिर्फ एक राजधानी होती है. लेकिन अगर आपसे कहा जाए कि दुनिया में कई ऐसे देश भी हैं, जिनकी एक नहीं, बल्कि दो या तीन राजधानियां हैं, तो क्या आप यकीन करेंगे? सुनने में ये बेशक अजीब लग सकता है, लेकिन ये बात बिल्कुल सच है. शायद आप इस समय ये पढ़कर हैरान हो रहे हों, लेकिन ये पूरी तरह से सच है.

Advertisement

दरअसल, कुछ देशों ने प्रशासन को बेहतर ढंग से चलाने, ऐतिहासिक कारणों या राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए अपनी सरकारी जिम्मेदारियां अलग-अलग शहरों में बांट रखी हैं. कहीं संसद की बैठक होती है, कहीं राष्ट्रपति और मंत्रालयों के दफ्तर मौजूद हैं, तो कहीं देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट काम करती है. यही वजह है कि इन देशों में अलग-अलग शहर राजधानी की भूमिका निभाते हैं. अगर आपको नई जगहें घूमना और दुनिया के अनोखे फैक्ट्स के बारे में जानना पसंद है, तो ये जानकारी आपके लिए बेहद दिलचस्प होगी. आइए जानते हैं उन देशों के बारे में, जहां एक नहीं बल्कि दो या तीन राजधानियां हैं.

1. दक्षिण अफ्रीका: एक नहीं, तीन-तीन राजधानियां
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम दक्षिण अफ्रीका का है. ये एक से ज्यादा राजधानी रखने वाले देशों में आता है और दुनिया का सबसे चर्चित उदाहरण है, जहां प्रिटोरिया, केपटाउन और ब्लोमफोंटेन तीनों राजधानी का दर्जा रखते हैं.

Advertisement

प्रिटोरिया: प्रिटोरिया दक्षिण अफ्रीका की प्रशासनिक राजधानी है.
केपटाउन: केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका की संसद है. इसका मतलब है कि केपटाउन वहां की विधायी राजधानी है.
ब्लोमफोंटेन: ब्लोमफोंटेन दक्षिण अफ्रीका की न्यायिक राजधानी है.

ये व्यवस्था इसलिए बनाई गई ताकि देश की सारी ताकत एक ही शहर में केंद्रित न हो. यहां घूमने जाएं तो केपटाउन का मशहूर टेबल माउंटेन, प्रिटोरिया के ऐतिहासिक स्थल और ब्लोमफोंटेन के संग्रहालय देखने लायक हैं. भारतीय टूरिस्ट्स को यहां जाने के लिए पहले से वीजा लेना होता है. घूमने का सबसे अच्छा समय सितंबर से नवंबर माना जाता है.

2. बोलिविया: दो राजधानियां 
बोलिविया की 'सुक्रे' संवैधानिक और न्यायिक राजधानी है, जबकि 'ला पाज' से सरकार का कामकाज चलता है. 'सुक्रे' अपनी खूबसूरत अंग्रेजों के समय की पुरानी इमारतें और शांत माहौल के लिए मशहूर है, जबकि 'ला पाज' पहाड़ों के बीच बसा बेहद खूबसूरत शहर है. यहां घूमने का सबसे अच्छा समय मई से अक्टूबर तक माना जाता है.

3. श्रीलंका: दो राजधानियां
भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका भी इस लिस्ट में शामिल है. श्रीलंका में दो राजधानियां हैं. इसकी पहली राजधानी 'कोलंबो' है और दूसरी 'श्री जयवर्धनेपुरा कोट्टे' है. 'कोलंबो', श्रीलंका का आर्थिक और व्यावसायिक केंद्र है. 'श्री जयवर्धनेपुरा कोट्टे' में देश की संसद और सरकारी दफ्तर हैं.

दोनों शहर एक-दूसरे से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर हैं, इसलिए एक ही दिन में दोनों जगह आसानी से घूमा जा सकता है. भारतीय यात्रियों को ETA लेना होता है.

Advertisement

4. इस्वातिनी: दो राजधानियां
अफ्रीकी देश इस्वातिनी की भी दो राजधानियां हैं. 'म्बाबाने', इस्वातिनी की प्रशासनिक राजधानी है और 'लोबाम्बा' को शाही और विधायी राजधानी के रूप देखा जाता है. एक शहर आधुनिक प्रशासन का केंद्र है, तो दूसरा देश की परंपराओं और राजशाही से जुड़ा हुआ है. यहां घूमने का सबसे अच्छा समय मई से सितंबर है.

5. मलेशिया: दो राजधानियां
मलेशिया में 'कुआलालंपुर' और 'पुत्राजया' दोनों राजधानी की भूमिका निभाते हैं. 'कुआलालंपुर' देश का सबसे बड़ा आर्थिक और व्यावसायिक शहर है. वहीं, 'पुत्राजया' में ज्यादातर सरकारी मंत्रालय और प्रशासनिक कार्यालय हैं. भारतीय नागरिकों को फिलहाल वीजा की जरूरत नहीं होती, लेकिन डिजिटल अराइवल कार्ड भरना जरूरी है. अगर आप यहां घूमना चाहते हैं, तो मार्च से अक्टूबर यहां घूमने के लिए अच्छा समय माना जाता है.

6. नीदरलैंड: दो राजधानियां 
इस लिस्ट में एक नाम नीदरलैंड का भी आता है. यूरोप के खूबसूरत देशों में शामिल नीदरलैंड की आधिकारिक राजधानी 'एम्स्टर्डम' है, लेकिन सरकार, संसद और सुप्रीम कोर्ट 'द हेग' में स्थित हैं. यही वजह है कि दोनों ही शहर नीदरलैंड के लिए बराबर अहमियत रखते हैं. 'एम्स्टर्डम' अपनी नहरों और संस्कृति के लिए मशहूर है, जबकि 'द हेग' राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का केंद्र है.

7. तंजानिया: दो राजधानियां 
तंजानिया ने 1970 के दशक में 'दार एस सलाम' की जगह 'डोडोमा' को अपनी राजधानी बना दिया था. 'डोडोमा' तंजानिया की राजनीतिक राजधानी रही और 'दार एस सलाम', आर्थिक राजधानी. 'दार एस सलाम' में तंजानिया का सबसे बड़ा बंदरगाह है. आज भी 'दार एस सलाम' देश का सबसे व्यस्त शहर है, जबकि डोडोमा से सरकार का संचालन होता है. यहां जून से अक्टूबर तक घूमना सबसे बेहतर माना जाता है.

8. चेक गणराज्य: दो राजधानियां
चेक गणराज्य में 'प्राग', देश की सांस्कृतिक और राजनीतिक राजधानी है, जबकि 'ब्रनो' को न्यायिक राजधानी माना जाता है. 'ब्रनो' में सुप्रीम कोर्ट और संवैधानिक अदालतें हैं. वहीं 'प्राग' अपने किलों, पुलों और ऐतिहासिक इमारतों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां घूमने के लिए अप्रैल-मई और सितंबर-अक्टूबर का समय सबसे अच्छा माना जाता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »