ChatGPT में अब चैट छिपाना हुआ आसान, 4 डिजिट PIN के बिना नहीं खुलेगी लॉक की गई बातचीत

ChatGPT में अब वॉट्सऐप की तरह ही चैट हाइड और लॉक करने का फीचर आ गया है. यूजर्स अब ChatGPT के साथ की गई बातचीत को लॉक और हाइड कर सकेंगे. आइए जानते हैं इस नए फीचर के बारे में.

Advertisement
ChatGPT चैट्स को ऐसे करें हाइड ChatGPT चैट्स को ऐसे करें हाइड

आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:25 PM IST

अगर आप ChatGPT पर अपनी बेहद पर्सनल बातें शेयर करते हैं, किसी पर्सनल मामले पर सलाह लेते हैं या ऐसी बातचीत करते हैं जिसे आप दूसरों को नहीं दिखाना चाहते, तो आपके लिए अच्छी खबर है.

OpenAI ने ChatGPT में Locked Chats नाम का नया फीचर शुरू किया है. इसकी मदद से आप अपनी चुनिंदा चैट को 4 डिजिट के PIN से लॉक कर सकते हैं. इसके बाद वह बातचीत सामान्य चैट हिस्ट्री, पिन की गई चैट और सर्च रिजल्ट में दिखाई नहीं देगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: OpenAI के पूर्व इंजीनियर पर जासूसी का आरोप, सऊदी शाही परिवार से थे संपर्क!

इस फीचर की खास बात यह है कि आपको अपनी पुरानी बातचीत डिलीट करने की जरूरत नहीं होगी. आप उसे अपने अकाउंट में सुरक्षित रख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर PIN डालकर दोबारा खोल सकेंगे. यह फीचर धीरे-धीरे यूजर्स तक पहुंच रहा है. इसलिए अगर आपके ChatGPT अकाउंट में अभी यह विकल्प नहीं दिख रहा है, तो जरूरी नहीं कि आपके अकाउंट में कोई समस्या हो.

ChatGPT Locked Chats फीचर कैसे काम करता है?

अब तक ChatGPT में किसी बातचीत को नॉर्मल हिस्ट्री से हटाने के लिए उसे आर्काइव करना पड़ता था या डिलीट करना पड़ता था. लेकिन आर्काइव की गई चैट को फिर भी हिस्ट्री में खोजा जा सकता है. वहीं, डिलीट करने पर बातचीत को दोबारा इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है.

Advertisement

Locked Chats इस समस्या का एक नया विकल्प देता है. आप किसी खास बातचीत को लॉक कर देंगे, तो वह नॉर्मल चैट लिस्ट और सर्च से हट जाएगी. उसे खोलने के लिए आपको अपना 4 डिजिट का अकाउंट PIN डालना होगा. सपोर्टेड मोबाइल डिवाइस पर Face ID, Touch ID या डिवाइस अनलॉक करने के दूसरे तरीके भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: ChatGPT के बाद अब इंसानों जैसे रोबोट बनाएगा OpenAI, 2027 में दिख सकता है पहला डेमो

मिसाल के तौर पर, अगर आप ChatGPT पर किसी निजी मामले, काम की गोपनीय जानकारी या किसी सरप्राइज प्लान पर बातचीत कर रहे हैं, तो उस चैट को लॉक कर सकते हैं. इससे फोन या कंप्यूटर पर ChatGPT खोलने वाले किसी दूसरे व्यक्ति को वह बातचीत सामान्य हिस्ट्री में आसानी से नहीं दिखेगी.

ChatGPT में चैट लॉक कैसे करें?

इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले ChatGPT में वह चैट खोलें जिसे आप लॉक करना चाहते हैं. इसके बाद चैट के पास दिए गए तीन डॉट यानी More Options मेन्यू पर जाएं और Lock chat विकल्प चुनें.

पहली बार लॉक करते समय ChatGPT आपसे 4 डिजिट का PIN बनाने और उसे दोबारा डालकर कन्फर्म करने के लिए कह सकता है. PIN सेट होने के बाद चुनी गई बातचीत Locked Chats सेक्शन में चली जाएगी. इसे दोबारा खोलने के लिए Projects में जाकर Locked Chats विकल्प चुनें और अपना PIN डालें. सपोर्टेड मोबाइल डिवाइस पर उपलब्ध होने पर बायोमेट्रिक सुरक्षा का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नहीं चलाते WhatsApp, फिर भी कर सकेंगे वॉट्सऐप कॉल, लॉन्च हुआ नया फीचर

ध्यान रखें कि यह फीचर धीरे-धीरे जारी किया जा रहा है. अगर आपको तीन डॉट वाले मेन्यू में Lock chat का विकल्प नहीं दिखता, तो हो सकता है कि यह अभी आपके अकाउंट तक नहीं पहुंचा हो. 

क्या Locked Chats से आपकी बातचीत पूरी तरह प्राइवेट हो जाएगी?

यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है. Locked Chats आपकी बातचीत को सामान्य चैट हिस्ट्री से छिपाने और उस तक पहुंच को PIN से सुरक्षित करने के लिए बनाया गया है. इसका मतलब यह नहीं है कि चैट पूरी तरह एन्क्रिप्टेड हो जाती है या OpenAI भी उसे नहीं देख सकता.

यह फीचर आपकी बातचीत को नॉर्मल हिस्ट्री, पिन की गई चैट और नियमित सर्च रिजल्ट से छिपाता है. लेकिन अकाउंट की डेटा पॉलिसी, बातचीत को सुरक्षित रखने की अवधि और दूसरे लागू नियम पहले की तरह ही रहते हैं. यानी इसे एक्स्ट्रा प्राइवेसी की सर्विस समझें, पूरी तरह गोपनीय डिजिटल तिजोरी नहीं.

PIN भूल गए तो क्या होगा?

इस फीचर को इस्तेमाल करते समय एक बात का खास ध्यान रखें: अपना PIN याद रखें. OpenAI के सपोर्ट पेज के मुताबिक, अगर आप PIN भूल जाते हैं और उसे रीसेट करते हैं, तो रीसेट प्रक्रिया में Locked Chats और उनसे जुड़ी ऐसी जानकारी या फाइलें स्थायी रूप से डिलीट हो सकती हैं जिन्हें सिर्फ पुराने PIN से सुरक्षित रखा गया था. यह प्रक्रिया वापस नहीं की जा सकती.

Advertisement

इसलिए ऐसा PIN चुनें जिसे आप याद रख सकें. इसे किसी के साथ शेयर करने से बचें और अगर आप साझा कंप्यूटर या फोन इस्तेमाल करते हैं, तो अपना अकाउंट भी सुरक्षित रखें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »