'काश कोई रिमोट होता, जिससे हम इस फैन को ऑन-ऑफ कर सकते हैं. कौन रात में इसके लिए बार-बार उठेगा...' ये ख्याल बचपन में कई बार आता था, लेकिन अब ये ख्याल हकीकत बन चुका है. मॉडर्न घरों में इलेक्ट्रॉनिक्स का रूप बदल रहा है. बल्ब से लेकर फैन तक सब कुछ स्मार्ट हो रहा है.
ऐसे ही एक सीलिंग फैन को हम पिछले कुछ दिनों से इस्तेमाल कर रहे हैं. ये फैन रिमोट से कंट्रोल होता है, कम बिजली खाता है और ज्यादा कूलिंग करता है. हम बात कर रहे हैं गोल्डमेडल स्पेसियो बीएलडीसी फैन की. ये सीलिंग फैन बेहतरीन टेक्नोलॉजी के साथ आता है.
हालांकि, इन फीचर्स के साथ आने का एक मतलब ये भी है कि फैन के लिए आपको पैसे ज्यादा खर्च करने होंगे. गोल्डमेडल स्पेसियो बीएलडीसी फैन की कीमत लगभग 6 हजार रुपये है. तो सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या आपको एक सीलिंग फैन के लिए इतने पैसे खर्च करने चाहिए.
गोल्डमेडल स्पेसियो बीएलडीसी फैन को मॉडर्न होम्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है. इसका लुक काफी प्रीमियम है. फैन का सिंपल मिनिमल डिजाइन आसानी से किसी भी बेडरूम, हॉल या ऑफिस सेटअप के रंग और रूप के साथ मैच कर जाता है. गोल्डमेडल का ये फैन 5 कलर ऑप्शन में आता है.
ब्लेड्स की फिनिश अच्छी है और मोटर यूनिट ज्यादा भारी भी नहीं है. यानी ये एक लाइटवेट पंखा है. फैन में लाइट्स भी मिलती हैं, जो रात में किसी नाइट बल्ब की तरह काम करता है. वहीं इसे रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है, जो कई लोगों के बचपन के सपने को पूरा करता है.
पिछले कुछ सालों में बीएलडीसी फैन काफी पॉपुलर हैं. गोल्डमेडल के इस पंखे की भी सबसे बड़ी खासियत इसका BLDC मोटर है. आम मोटर वाले फैन जहां ज्यादा बिजली खाते हैं, वहीं बीएलडीसी टेक्नोलॉजी कम पावर में बेहतर परफॉर्मेंस ऑफर करती है.
यह भी पढ़ें: Dylect Nutri Pro Review: घर पर चाहते हैं रियल जूस? बेस्ट है ये स्लो स्पीड वाला जूसर
अगर आपके घर में लंबे समय तक पंखा चलता है, तो आपको इसे इस्तेमाल करने के बाद बिजली खर्च में फर्क महसूस होगा. हालांकि, ये फर्क सिर्फ एक पंखे के इस्तेमाल से शायद आपको ना महसूस हो. यानी किसी कमरे में आप एक बीएलडीसी फैन यूज करते हैं और बाकी घर में वही पुराना पंखा है, तो बिजली के बिल का अंतर समझ नहीं आएगा. लेकिन दोनों कमरों के खर्च को मेजर करेंगे, तो अंतर पता चल जाएगा.
बीएलडीसी फैन का एक और फायदा ये है कि इनसे शोर कम होता है. ऐसा नहीं है कि ये फैन्स बिलकुल आवाज नहीं करते हैं. लेकिन पुराने पंखों के मुकाबले इनसे शोर कम आता है.
ये फैन हाई-स्पीड एयर डिलीवरी ऑफर करता है. इसका इस्तेमाल आप मीडियम या बड़े साइज वाले कमरों के लिए कर सकते हैं. इसका यूज बेडरूम या लिविंग रूम में भी किया जा सकता है. फैन को कंट्रोल करने के लिए आपको रिमोट का इस्तेमाल करना होगा. इसे पुराने रेगुलेटर से ऑपरेट नहीं किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Ubon Chef Pro Blender Review: कई काम करने वाला एक ब्लेंडर, इन लोगों के लिए है बेस्ट
रिमोट में अलग-अलग स्पीड मोड्स मिलते हैं. खासकर रात में या फिर काम करते समय ये फीचर काफी सुविधाजनक लगता है. रिमोट में बूस्ट, टाइमर, स्पील समेत कई ऑप्शन मिलते हैं. वहीं फैन में लगी लाइट को भी आप ऑन-ऑफ कर सकते हैं.
रोजमर्रा के इस्तेमाल में ये फैन काफी प्रैक्टिकल महसूस होता है. अगर आपके घर में बुजुर्ग हैं या आप स्मार्ट और यूजफुल अप्लायंसेस पसंद करते हैं, तो रिमोट कंट्रोल अच्छा एक्सपीरियंस देता है. फैन का एयर थ्रो अच्छा है और लंबे समय तक इस्तेमाल करते हुए हमें कोई समस्या महसूस नहीं हुई है.
रिमोट कंट्रोल होने का मतलब है कि आपको इसमें सेल लगाते रहना होगा. वहीं आप इस फैन को सामान्य रेगुलेटर के साथ यूज नहीं कर सकते हैं. इससे फैन के खराब होने की गुंजाइश बढ़ जाती है. इस फैन की कीमत किसी सामान्य पंखे के मुकाबले कई गुना ज्यादा है. जहां स्टैंडर्ड फैन्स की कीमत 1500 रुपये से भी कम से शुरू हो जाती है. ये फंखा 6 हजार रुपये का है.
अगर आप ऐसा सीलिंग फैन चाहते हैं, जो कम बिजली खर्च करे, प्रीमियम दिखे और स्मार्ट फीचर्स भी ऑफर करे, तो गोल्डमेडल का स्पेसियो बीएलडीसी फैन अच्छा विकल्प बन सकता है. ये खासकर उन लोगों के लिए बेहतर है, जो पुराने रेगुलर फैन से अपग्रेड करना चाहते हैं या फिर नए घर के लिए एनर्जी एफिशिएंट अप्लायंस तलाश रहे हैं.
हालांकि, अगर आप एक बजट फ्रेंडली ऑप्शन चाहते हैं, तो ये फैन बिलकुल भी आपके लिए नहीं है. इसका सामान्य फैन्स के मुकाबले कई गुना महंगा होना, इसे बहुत से लोगों के बजट से बाहर कर देता है. अगर एक लाइन में कहा जाए, तो ये पंखा कम बिजली खाता है और सुविधाएं भी देता है. मगर इसके लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.
आजतक रेटिंग- 9/10
अभिषेक मिश्रा