एक तरफ सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी से महज एक जीत दूर है, वहीं दूसरी ओर भारत की बॉक्सिंग टीम का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया है.
दरअसल भारतीय जूनियर बॉक्सिंग टीम को मजबूरन यूथ वर्ल्ड कप से हटना पड़ा. इसकी वजह वेस्ट एशिया में बने जंग जैसे हालात और उससे पैदा हुई लॉजिस्टिक समस्याएं बताई जा रही हैं.
यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप फाइनल में आज 'History Repeat, History Defeat' का दिन, क्या रोहित का सपना पूरा करेगी सूर्या ब्रिगेड?
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार-10 सदस्यों वाली भारतीय जूनियर बॉक्सिंग टीम मोंटेनेग्रो के बुडवा शहर में 3 से 11 मार्च तक होने वाले वर्ल्ड बॉक्सिंग (WB) से मंजूर यूथ वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली थी. लेकिन जरूरी दस्तावेज समय पर न मिलने के कारण टीम टूर्नामेंट में नहीं पहुंच सकी.
UAE भेजे गए थे पासपोर्ट
भारत में मोंटेनेग्रो की एम्बेसी नहीं है. इसी वजह से बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) ने खिलाड़ियों के वीजा प्रोसेस के लिए यूएई में मौजूद मोंटेनेग्रो एम्बेसी के जरिए आवेदन किया था.सूत्रों के अनुसार वीजा स्टैम्पिंग के लिए फिजिकल पासपोर्ट जमा करना जरूरी था. इसलिए टीम में शामिल पांच लड़के और पांच लड़कियों समेत सभी खिलाड़ियों के पासपोर्ट यूएई भेज दिए गए थे.आमतौर पर वीजा पर स्टैम्प लगने के बाद पासपोर्ट दो से तीन दिनों के भीतर वापस भेज दिए जाते हैं.
यह भी पढ़ें: कुलदीप IN, वरुण OUT... T20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI बदलेगी!अभिषेक का क्या होगा?
जंग की वजह से समय पर नहीं पहुंचे पासपोर्ट
हालांकि इस बार हालात अलग थे. मिडिल ईस्ट में अचानक बढ़े तनाव और जंग के माहौल के कारण पासपोर्ट समय पर भारत नहीं भेजे जा सके.सूत्रों के मुताबिक वीजा पहले ही ईमेल के जरिए कन्फर्म हो चुके थे, लेकिन फिजिकल पासपोर्ट भारत नहीं पहुंच पाए. इसी वजह से भारतीय टीम मोंटेनेग्रो के लिए रवाना नहीं हो सकी और उसे टूर्नामेंट से हटना पड़ा.
20 फरवरी को जमा किए गए थे पासपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक खिलाड़ियों के पासपोर्ट 20 फरवरी को वीजा स्टैम्पिंग के लिए जमा कर दिए गए थे और टीम की फ्लाइट टिकट स्टैंडबाय पर रखी गई थी. इस पूरे मामले में BFI लगातार मोंटेनेग्रो की अथॉरिटीज और भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के संपर्क में रहा, लेकिन पासपोर्ट समय पर वापस नहीं मिल सके. इस तरह भारत की 10 सदस्यीय यूथ बॉक्सिंग टीम का वर्ल्ड कप खेलने का सपना अधूरा रह गया.
aajtak.in