अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. सेलेक्टर्स ने इस बार अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन बनाने की कोशिश की है. वनडे और टेस्ट टीम दोनों की कप्तानी शुभमन गिल को सौंपी गई है,
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी एक टेस्ट के लिए भारतीय टीम की उपकप्तानी से हटा दिया गया है और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए वह टीम में भी नहीं हैं.
अजीत अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई की सीनियर पुरुष चयन समिति की गुवाहाटी में बैठक हुई, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टीम चुनी गई. 6 जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट खेला जाएगा, जबकि तीन वनडे 14 जून से धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में होंगे.
टेस्ट और वनडे स्क्वॉड को मिलाकर कुल 4 नए खिलाड़ियों को मौका मिला है. इनमें वो खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनका आईपीएल में प्रदर्शन शानदार रहा है. ये खिलाड़ी हैं- मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव.
हर्ष दुबे और गुरनूर बरार टेस्ट और वनडे दोनों स्क्वॉड में शामिल किए गए हैं. वहीं प्रिंंस यादव केवल वनडे में हैं. मानव सुथार केवल टेस्ट में हैं.
वनडे टीम में नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या फिटनेस क्लियर होने पर वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे. केएल राहुल ही वनडे सीरीज में विकेट कीपिंंग करेंगे.
ऋषभ पंत की उपकप्तानी गई
टेस्ट में केएल राहुल उपकप्तान होंगे. वहीं ऋषभ पंत की उपकप्तानी छिन गई है. यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी. विकेटकीपिंग का जिम्मा ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल संभालेंगे. टेस्ट में गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव अनुभवी विकल्प होंगे, जबकि युवा खिलाड़ियों को भी खुद को साबित करने का मौका मिलेगा.
भारतीय टेस्ट स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
भारतीय वनडे स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान) रोहित शर्मा, विराट कोहली,श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे.
अफगानिस्तान का भारत दौरा (होम सीरीज)
6-10 जून: एकमात्र टेस्ट, मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़)
14 जून: पहला वनडे, धर्मशाला
17 जून: दूसरा वनडे, लखनऊ
20 जून: तीसरा वनडे, चेन्नई
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क