Team India: टीम इंडिया को तगड़ा झटका! आकाश दीप-हर्षित राणा का कमबैक अभी मुश्क‍िल, इन 2 दौरों से रहेंगे बाहर?

Team India News:भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा अफगानिस्तान सीरीज और UK टूर से बाहर हो सकते हैं. दोनों अभी चोट से उबर रहे हैं और मैच फिटनेस से दूर हैं. BCCI सूत्रों के मुताबिक, उनकी वापसी में समय लगेगा. अगस्त में डूलीप ट्रॉफी के जरिए दोनों की वापसी की उम्मीद जताई जा रही है.

Advertisement
बैक इंजरी बनाम घुटने की सर्जरी, दोनों पेसर्स आकाश दीप और हर्ष‍ित राणा की राह मुश्किल (Photo: ITG) बैक इंजरी बनाम घुटने की सर्जरी, दोनों पेसर्स आकाश दीप और हर्ष‍ित राणा की राह मुश्किल (Photo: ITG)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई द‍िल्ली ,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:36 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम को आने वाले महीनों में बड़ा झटका लग सकता है. टीम के उभरते तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा के अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज और यूनाइटेड किंगडम के व्हाइट बॉल दौरे से बाहर रहने की संभावना है.

बीसीसीआई के सूत्रों ने PTI को बताया कि दोनों खिलाड़ी अभी पूरी तरह मैच फिट नहीं हैं और उनकी वापसी में समय लगेगा. आकाश दीप फिलहाल पीठ की चोट (back injury) से उबर रहे हैं, जबकि हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले घुटने के लिगामेंट फटने के बाद सर्जरी करा चुके हैं.

Advertisement

दोनों खिलाड़ी कोलकाता नाइट राइडर्स के कॉन्ट्रैक्ट में हैं और इसी वजह से वे मौजूदा आईपीएल सीजन में भी हिस्सा नहीं ले पाए हैं.

बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने बताया- दोनों खिलाड़ियों का रिहैब सही दिशा में चल रहा है, लेकिन अभी उन्हें मैच खेलने के लिए रिलीज करने में समय लगेगा. फिलहाल वे स्ट्रेंथनिंग एक्सरसाइज कर रहे हैं. इसके बाद जॉगिंग, स्प्रिंट और फिर 'रिटर्न टू प्ले' प्रोटोकॉल के तहत स्किल ट्रेनिंग शुरू होगी.

टीम मैनेजमेंट आकाश दीप को मुख्य रूप से टेस्ट (रेड बॉल) फॉर्मेट का गेंदबाज मानता है, जबकि हर्षित राणा सीमित ओवरों (ODI और T20I) की योजनाओं में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

हर्षित राणा ने 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 वनडे मैचों में 26 विकेट लिए थे और भारत के सबसे सफल गेंदबाज बने थे. वहीं, आकाश दीप ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में 'एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज' के दौरान 12 विकेट लेकर अपनी पहचान मजबूत की थी.

Advertisement

हालांकि, टीम के अंदरूनी सूत्र मानते हैं कि आकाश दीप की वापसी हर्षित राणा से भी ज्यादा समय ले सकती है. ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी का सबसे वास्तविक मौका अगस्त में होने वाली दलीप ट्रॉफी हो सकता है, जो घरेलू सीजन की शुरुआत करता है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement