भारत और पाकिस्तान के बीच हालियो वर्षों में खेले गए मुकाबले एकतरफा रहे हैं, जहां 'मेन इन ब्लू' का दबदबा देखने को मिला. आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी दोनों टीमों के बीच मुकाबला कांटेदार नहीं रहा, जहां भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंद दिया था. हालांकि इस हाई-वोल्टेज मैच ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.
भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया मुकाबले ने डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर 163 मिलियन दर्शकों की ऐतिहासिक पहुंच दर्ज की. यह किसी भी आईसीसी टी20 इवेंट के लिए अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल व्यूअरशिप आंकड़ा है. इस मैच ने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल (भारत vs साउथ अफ्रीका) के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी क्रिकेटर को भारतीय टीम से हुई जलन, T20 वर्ल्ड कप में कर दी ये भविष्यवाणी
भारत का टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 8-1 का दबदबा होने के बावजूद इस मुकाबले का रोमांच बरकरार रहा. मैच से पहले विवाद भी खड़ा हो गया था, जब पाकिस्तानी टीम ने शुरुआती तौर पर कोलंबो में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया था. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रतिनिधि अमीनुल इस्लाम 'बुलबुल' और आईसीसी डिप्टी चेयर इमरान ख्वाजा के बीच बातचीत के बाद यह फैसला वापस ले लिया गया.
टीवी पर भी व्यूअरशिप में बंपर इजाफा
आधिकारिक ब्रॉडकास्टर और डिजिटल पार्टनर जियोस्टार के अनुसार इस मुकाबले ने कई नए कीर्तिमान बनाए. टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत-पाकिस्तान मैच की तुलना में डिजिटल रीच में 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मोबाइल पर यह लीग स्टेज का सबसे ज्यादा देखा गया मैच बना, जबकि कनेक्टेड टीवी पर व्यूअरशिप 2.4 गुना बढ़ी.
इस मुकाबले ने सभी स्क्रीन पर मिलाकर 20 बिलियन मिनट का वॉच टाइम दर्ज किया, जो पिछले टी20 वर्ल्ड कप की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है. भारत के प्रभावशाली प्रदर्शन ने पूरे मैच के दौरान दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखी.
लिनियर टीवी पर भी इस मुकाबले ने जबरदस्त प्रदर्शन किया. टीवी रेटिंग (TVR) में 71 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो 2021 के बाद किसी भी भारत-पाकिस्तान टी20 मुकाबले की सबसे ऊंची रेटिंग है. ग्रुप स्टेज के अंत तक टूर्नामेंट की कुल डिजिटल पहुंच पिछले पूरे संस्करण से आगे निकलने की ओर बढ़ रही है. इन आंकड़ों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत-PAK की भिड़ंत विश्व क्रिकेट की सबसे बड़ी और लोकप्रिय प्रतिद्वंद्विता बनी हुई है.
aajtak.in