भारतीय क्रिकेट में पिछले कुछ सालों में अगर किसी बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट की परिभाषा बदली है, तो वह नाम सूर्यकुमार यादव है मैदान के हर कोने में शॉट खेलने की क्षमता, गेंदबाजों पर लगातार दबाव और 360 डिग्री बल्लेबाजी… इन सबने सूर्यकुमार यादव को दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में शामिल कर दिया.
लेकिन क्रिकेट का यही खेल कभी-कभी सबसे बड़े सितारों को भी मुश्किल दौर दिखाता है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां उम्मीदों का पहाड़ लेकर उतरे सूर्यकुमार यादव बल्ले से वैसा असर छोड़ने में नाकाम रहे, जिसकी उनसे आदत पड़ चुकी थी.
कप्तानी में हिट… बल्लेबाजी में फ्लॉप!
एक तरफ भारतीय टी20 टीम की कप्तानी में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड शानदार रहा है. उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 टी20 एशिया कप जीता और फिर 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की. बड़े टूर्नामेंट में टीम को संभालने और दबाव झेलने की उनकी क्षमता की हर तरफ तारीफ हुई.
लेकिन दूसरी तरफ IPL 2026 में उनका बल्ला लगभग शांत ही रहा. मुंबई इंडियंस को इस सीजन अपने सबसे अनुभवी और विस्फोटक बल्लेबाज से बड़ी पारियों की उम्मीद थी, लेकिन कई मौकों पर टीम को निराशा हाथ लगी.
सूर्यकुमार यादव ने इस सीजन 12 पारियों में सिर्फ 210 रन बनाए. एवरेज 17.50 का रहा और पूरे सीजन में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला. यह वही बल्लेबाज है, जिसने पिछले सीजन IPL 2025 में 700 से ज्यादा रन ठोक दिए थे और गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया था.
IPL 2025 में सूर्यकुमार यादव ने 16 मैचों में 717 रन बनाए थे. उनका एवरेज 65 से ज्यादा था और स्ट्राइक रेट भी बेहद खतरना... लेकिन एक ही साल में प्रदर्शन का यह गिरना क्रिकेट फैन्स के लिए भी चौंकाने वाला रहा.
मुंबई इंडियंस के अभियान पर पड़ा असर
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी लंबे समय तक सूर्यकुमार यादव के इर्द-गिर्द घूमती रही है. जब वह लय में होते हैं तो टीम का मिडिल ऑर्डर लगभग अजेय नजर आता है. लेकिन इस सीजन उनकी खराब फॉर्म का असर पूरी टीम पर दिखाई दिया.
कई मैचों में मुंबई अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ा स्कोर नहीं बना सकी. कई मौकों पर टीम दबाव में बिखर गई क्योंकि वह 'SKY स्पेशल' पारी देखने को नहीं मिली, जिसकी आदत मुंबई इंडियंस को वर्षों से रही है.
सबसे बड़ी बात यह रही कि सूर्यकुमार यादव इस सीजन मैच फिनिश करने वाली पारियां भी नहीं खेल सके. उनकी बल्लेबाजी में वह आत्मविश्वास और फ्लो कम नजर आया, जो आमतौर पर उनकी पहचान माना जाता है.
टी20 वर्ल्ड कप में भी औसत प्रदर्शन
IPL ही नहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी सूर्यकुमार यादव का व्यक्तिगत प्रदर्शन बहुत धमाकेदार नहीं रहा. उन्होंने 9 मैचों में 242 रन बनाए. हालांकि कुछ महत्वपूर्ण मौकों पर उन्होंने उपयोगी पारियां जरूर खेलीं, लेकिन उनसे जिस स्तर की विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद थी, वैसी निरंतरता नहीं दिखी.
फिर भी उनकी कप्तानी की तारीफ हुई क्योंकि उन्होंने टीम को एकजुट रखा और बड़े मैचों में खिलाड़ियों का सही इस्तेमाल किया. यही वजह है कि खराब व्यक्तिगत फॉर्म के बावजूद उनकी कप्तानी पर सवाल कम उठे.
उम्र और भविष्य… क्या टीम इंडिया नए विकल्प देखेगी?
अब सबसे बड़ा सवाल भविष्य को लेकर है. सूर्यकुमार यादव की उम्र 35 साल हो चुकी है और अगला टी20 वर्ल्ड कप 2028 में खेला जाएगा. ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए कप्तानी विकल्पों पर विचार कर सकता है.
भारत अगले महीने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज खेलेगा. आयरलैंड के खिलाफ 2 और इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 मुकाबले होने हैं. माना जा रहा है कि चयनकर्ता इस दौरे को भविष्य की टीम तैयार करने के नजरिए से भी देख सकते हैं.
कौन हो सकता है अगला टी20 कप्तान?
अगर भविष्य की कप्तानी की बात करें तो इस रेस में सबसे मजबूत नामों में श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन शामिल हैं.
श्रेयस अय्यर ने पिछले कुछ वर्षों में बल्लेबाज और कप्तान दोनों रूपों में खुद को साबित किया है. IPL में उनका कप्तानी रिकॉर्ड शानदार रहा है और बड़े मैचों में उनका शांत स्वभाव चयनकर्ताओं को प्रभावित करता है. पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग भी उन्हें भविष्य का भारतीय टी20 कप्तान बता चुके हैं.
दूसरी तरफ संजू सैमसन ने भी अपनी बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता से लगातार प्रभावित किया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया. भारत को चैम्पियन बनाने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही.
टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने भी संजू सैमसन को भविष्य की कप्तानी के लिए मजबूत विकल्प बताया है.
फिर भी SKY को हल्के में नहीं आंक सकते
हालांकि खराब फॉर्म के बावजूद सूर्यकुमार यादव को कम आंकना बड़ी गलती हो सकती है. टी20 क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड अब भी शानदार है और दुनिया के बहुत कम बल्लेबाज हैं जो मैच का रुख कुछ गेंदों में बदलने की क्षमता रखते हैं.
उनके करियर के आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि वह भारत के सबसे प्रभावशाली टी20 बल्लेबाजों में से एक रहे हैं.
सूर्यकुमार यादव के करियर आंकड़े
टेस्ट: 1 मैच, 8 रन, औसत 8.00
वनडे : 37 मैच, 773 रन, औसत 25.77, 4 अर्धशतक
टी20 इंटरनेशनल: 113 मैच, 3272 रन, औसत 36.48, स्ट्राइक रेट 162.94, 4 शतक और 25 अर्धशतक
आईपीएल: 178 मैच, 4521 रन, औसत 33.74, स्ट्राइक रेट 148.66, 2 शतक और 30 अर्धशतक
सूर्यकुमार यादव के कप्तानी आंकड़े
टी20 इंटरनेशनल (भारत)
मैच: 52
जीत: 42
हार: 8
टाई/नो रिजल्ट: 2
जीत प्रतिशत: 80.77%
आईपीएल (मुंबई इंडियंस- 2023-2026)
मैच:5
जीत: 2
हार: 3
क्रिकेट में फॉर्म बदलते देर नहीं लगती. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि सूर्यकुमार यादव का दौर खत्म हो गया है. लेकिन इतना जरूर तय है कि IPL 2026 ने पहली बार भारतीय क्रिकेट को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि टीम इंडिया को अब भविष्य के लिए नए टी20 कप्तान की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए.
Report - Vijay Singh
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क