भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और अजिंक्य रहाणे एक बार फिर क्रिकेट खेलते हुए नजर आए. इस बार उनके साथ ब्रिटेन के प्रिंस विलियम भी थे. मौका खास था, क्योंकि इस क्रिकेट मैच के जरिए अगले महीने मुंबई में होने वाले अर्थशूट प्राइज (Earthshot Prize) अवॉर्ड समारोह के लिए माहौल तैयार किया गया.
मंगलवार को लंदन में बकिंघम पैलेस के सामने द मॉल (The Mall) पर टेनिस बॉल क्रिकेट का दोस्ताना मुकाबला खेला गया. प्रिंस विलियम के आमंत्रण पर पहुंचे 38 वर्षीय अजिंक्य रहाणे हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं. उनके साथ सौरव गांगुली, वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा और इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जो रूट व हैरी ब्रूक भी शामिल हुए.
रहाणे ने बुधवार को लिंक्डइन पर इस अनुभव को साझा किया. उन्होंने लिखा कि क्रिकेट उन्हें दुनिया के कई शानदार मैदानों तक ले गया है, लेकिन लंदन में बकिंघम पैलेस की पृष्ठभूमि में टेनिस बॉल क्रिकेट खेलना ऐसा अनुभव है, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेंगे.
रहाणे ने प्रिंस विलियम के साथ समय बिताने और गांगुली, ब्रायन लारा, जो रूट, हैरी ब्रूक समेत खेल के दिग्गजों से मिलने को सौभाग्य बताया. उन्होंने कहा कि इस दौरान क्रिकेट की एकजुट करने वाली ताकत, इंग्लैंड और भारत में खेलने की यादों और भविष्य के प्रति साझा जिम्मेदारी पर भी चर्चा हुई.
17 नवंबर को मुंबई में होगा समारोह
प्रिंस विलियम ने 2020 में अर्थशूट प्राइज की शुरुआत की थी. इस पुरस्कार समारोह का छठा संस्करण पहली बार भारत में होगा. मुंबई में 17 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संकट से निपटने वाले प्रभावी समाधानों को बढ़ावा देना है.
इसके तहत प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ हवा, महासागरों की सुरक्षा, कचरा कम करने और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने वाले पांच नए और प्रभावशाली विचारों को आर्थिक सहायता दी जाती है.
रहाणे ने अपने पोस्ट में कहा कि धरती की रक्षा और उसे बेहतर बनाने के लिए भी वही मूल्य जरूरी हैं, जो खेल सिखाता है- अनुशासन, सामूहिक प्रयास और सही इरादा. उन्होंने लंदन में हुई इस यादगार सुबह को ऐसे उद्देश्य के लिए अहम बताया, जिसे सभी के समर्थन की जरूरत है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क