भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे एवं आखिरी मुकाबले में 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की. शनिवार (20 जून) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम को जीत के लिए अफगानिस्तान ने 219 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 128 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने वनडे सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया. शुभमन गिल के नेतृत्व में भारतीय टीम की ये पहली ओडीआई सीरीज जीत रही. वनडे सीरीज में अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ करने के बाद शुभमन गिल ने भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास के हाथों ट्रॉफी रिसीव की. हालांकि शुभमन ने इसके बाद जो जेस्चर दिखाया, वो दिल छूने वाला रहा.
शुभमन गिल ने युवा खिलाड़ियों गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे को ट्रॉफी थमा दी, जिसके बाद इन तीनों प्लेयर्स ने जीत का जश्न मनाया. बाकी भारतीय खिलाड़ी भी जश्न में शरीक हुए.
शुभमन गिल ने वो परंपरा जारी रखी है, जो सालों पहले 'कैप्टन कूल' महेंद्र सिंह धोनी ने शुरू की थी. इसमें टीम के युवा खिलाड़ियों को ट्रॉफी थमाई जाती है. धोनी के बाद विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव जैसे कप्तानों ने भी इस परंपरा का बखूबी पालन किया.
बता दें कि गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे ने इसी वनडे सीरीज में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. तेज गेंदबाज गुरनूर ने तीनों मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 19.42 की औसत से 7 विकेट झटके. वहीं फास्ट बॉलर प्रिंस यादव को 2 मैचों में मौका मिला, जहां उन्होंने 31.33 के एवरेज से 3 विकेट हासिल किए. जबकि स्पिनर हर्ष दुबे ने भी इस सीरीज में 2 मैच खेलकर 4 विकेट अपने नाम किए.
चेपॉक वनडे में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 44.2 ओवरों में 218 रन बनाए. कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 102 रनों की पारी खेली. भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 23 रन देकर पांच विकेट झटके. जवाब में भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल (110* रन) और रोहित शर्मा (79 रन) के दम पर टारगेट आसानी से हासिल कर लिया. प्रसिद्ध कृष्णा 'प्लेयर ऑफ द मैच' और शुभमन गिल 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क