इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतते ही एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने लगातार छठी बार टी20 इंटरनेशनल में टॉस जीतकर विराट कोहली की बराबरी कर ली. इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा का लगातार पांच टॉस जीतने का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया.
अब इस सूची में श्रेयस अय्यर से आगे सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने मई 2010 से फरवरी 2012 के बीच लगातार सात टी20 इंटरनेशनल टॉस जीते थे. अगर श्रेयस अगला टॉस भी जीतते हैं तो वह धोनी के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे.
भारत के लिए लगातार सबसे ज्यादा टॉस जीतने वाले टी20 कप्तान
7- महेंद्र सिंह धोनी (मई 2010 - फरवरी 2012)
6- विराट कोहली (अगस्त 2019 - दिसंबर 2019)
6- श्रेयस अय्यर (जून 2026 - जुलाई 2026)*
5- रोहित शर्मा (फरवरी 2020 - फरवरी 2022)
5- महेंद्र सिंह धोनी (सितंबर 2007)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला
ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में टॉस जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से पीछे है और उसके लिए यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है. टॉस के बाद श्रेयस ने कहा कि टीम पिछले मुकाबले को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहती है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बरकरार है, लेकिन परिस्थितियों के अनुसार जल्दी ढलना और योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करना जरूरी होगा.
ब्रिस्टल टी20 में टीम इंडिया में दो बदलाव
श्रेयस अय्यर ने बताया कि टीम में दो बदलाव किए गए हैं. चोट के कारण वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा बाहर हुए हैं. उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला है.
टीम इंडिया की प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा.
इंग्लैंड की प्लेइंग 11: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क