राजस्थान रॉयल्स के कप्तान और भारतीय ऑलराउंडर रियान पराग ( Riyan Parag) ने गुरुवार को अपने दाएं कंधे की सफल सर्जरी कराई. 24 वर्षीय खिलाड़ी का ऑपरेशन मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में मशहूर स्पोर्ट्स सर्जन डॉ दिनशॉ पारदीवाला की निगरानी में किया गया.
सर्जरी के बाद पराग अब बेंगलुरु स्थित BCCI Centre of Excellence में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया शुरू करेंगे. हालांकि उनकी वापसी को लेकर अभी कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है. BCCI के एक सूत्र के अनुसार फिलहाल पूरा फोकस उनकी पूरी तरह फिटनेस हासिल करने पर है.
इस वजह से पराग के 2026-27 घरेलू सीजन के शुरुआती हिस्से से बाहर रहने की संभावना है. भारत का घरेलू सत्र अगस्त के तीसरे सप्ताह में शुरू होने वाली Duleep Trophy से शुरू होगा.
पराग को हाल ही में श्रीलंका में चल रही भारत A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A की त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारत A टीम का उपकप्तान बनाया गया था. हालांकि हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे और उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया.
सर्जरी के बाद पराग ने इंस्टाग्राम पर भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा कि आखिरकार कंधे ने जीत हासिल कर ली. पिछले दो साल उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहे, जहां कई बार दर्द के बावजूद मैदान पर उतरना पड़ा. उन्होंने कहा कि अब उनके सामने रिकवरी, रिहैब और धैर्य की नई परीक्षा है, लेकिन वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे.
रियान पराग ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी और कप्तान के तौर पर भी प्रभावित किया था. वहीं उनकी जगह भारत A टीम में शामिल हुए रुतुराज गायकवाड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका A के खिलाफ शतक और अफगानिस्तान A के खिलाफ अर्धशतक जड़ा है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क