आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ बल्लेबाज नहीं, एक चलता-फिरता आकर्षण बन चुके हैं. हालात ऐसे हैं कि जहां वैभव पहुंचते हैं, वहां कैमरे पहले से उनका इंतजार करते नजर आते हैं. राजस्थान रॉयल्स की टीम न्यू चंडीगढ़ के लिए टीम निकल रही थी... फोटोग्राफर्स की नजरें सीधे वैभव पर थीं... लेकिन तभी कप्तान रियान पराग ने एक ऐसी लाइन छोड़ दी, जिसने वैभव से लेकर फोटोग्राफर्स तक सभी को चौंका दिया.
एक फोटोग्राफर ने बड़े प्यार से कहा, 'सर, वैभव के साथ एक फोटो हो जाए?' रियान ने बिना एक सेकंड गंवाए जवाब दिया, 'हम कोई फिल्म स्टार नहीं हैं!' और यह कहकर फ्रेम से ऐसे निकल गए, जैसे उन्हें अगले सीन की शूटिंग के लिए देर हो रही हो.
उधर, वैभव सूर्यवंशी का रिएक्शन देखने लायक था. चेहरे पर ऐसा भाव था मानो सोच रहे हों, 'अरे भैया, फोटो ही तो खिंचवानी थी!' कुछ सेकंड के लिए वह खुद भी समझ नहीं पाए कि अभी हुआ क्या है.यही वजह है कि यह छोटा सा पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
हालांकि यह सिर्फ ड्रेसिंग रूम वाली मस्ती थी. रियान पराग पूरे सीजन वैभव के सबसे बड़े समर्थकों में रहे हैं. आखिर समर्थन करें भी क्यों न? 15 साल का यह बल्लेबाज आईपीएल 2026 में गेंदबाजों के लिए किसी 'होमवर्क के बिना दिए गए टेस्ट' से कम साबित नहीं हुआ है.
14 मैचों में 583 रन, तीन फिफ्टी, एक सेंचुरी और छक्कों की ऐसी बरसात कि क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी अब दूर नहीं दिखता. जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, कगिसो रबाडा और मिचेल स्टार्क जैसे दिग्गजों को जिस बेखौफ अंदाज में वैभव ने निशाना बनाया है, उसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है.
फिलहाल तो फोटो नहीं मिली, लेकिन अगर वैभव का बल्ला इसी तरह बोलता रहा, तो जल्द ही रियान पराग को मानना पड़ सकता है कि राजस्थान रॉयल्स के इस 'बेबी बॉस' के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए लाइन लगने वाली है. अब नजरें मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में 27 मई के एलिमिनेटर मुकाबले पर है, जिसमें राजस्थान का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क