भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन (24 अगस्त) ऋषभ पंत ने अपनी बल्लेबाजी में एक बार फिर ऐसा नजारा दिखाया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
चोट के बावजूद मैदान पर उतरे पंत ने 95 मीटर का ऐसा गगनचुंबी छक्का लगाया कि गेंद स्टेडियम की छत पर जा पहुंची और वहां लगा सोलर पैनल ही टूट गया.
पंत के छक्के से टूट गया सोलर पैनल
दरअसल, श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा पंत को लगातार शॉर्ट गेंदों से परेशान करने की कोशिश कर रहे थे. पंत ने कुमारा की एक और शॉर्ट गेंद का शानदार अंदाज में सामना किया. उन्होंने गेंद को फाइन लेग के ऊपर से इतनी ताकत से पुल किया कि गेंद सीधे स्टेडियम की छत पर जा पहुंची.
यह भी पढ़ें: कुलदीप यादव की बीमारी पर उठे सवाल, बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा- बहाना बनाने की जरूरत नहीं
यह छक्का करीब 95 मीटर दूर जाकर गिरा और छत पर लगे सोलर पैनल से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैनल टूट गया और गेंद भी स्टेडियम के बाहर चली गई. गेंद नहीं मिलने के कारण अंपायरों को नई गेंद मंगानी पड़ी.
चोट के बावजूद पंत का दमदार कमबैक
पंत के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहा है. पहले दिन लाहिरू कुमारा की गेंद उनके हाथ पर लगी थी, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा था. लेकिन दूसरे दिन उन्होंने शानदार वापसी की और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से श्रीलंकाई गेंदबाजों को जवाब दिया.
पंत ने इसी पारी में अपना 21वां टेस्ट अर्धशतक भी पूरा किया. उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर भारतीय पारी को मजबूत किया और चोट के बावजूद बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी. हालांकि, लंच के तुरंत बाद ऋषभ पंत 63 रन बनाकर आउट हो गए.
यह भी पढ़ें: विकेट झटका, फिर किया ‘6-7'! युजवेंद्र चहल का 'Gen-Z' सेलिब्रेशन हुआ VIRAL
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO
पंत के इस गगनचुंबी छक्के का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गेंद स्टेडियम की छत तक पहुंचती है और सोलर पैनल से टकराने के बाद उसे नुकसान पहुंचता है. पंत का यह अंदाज देखकर मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक भी हैरान रह गए.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क