भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लगातार प्लेइंग इलेवन से बाहर पर सवाल उठाए हैं. शास्त्री का मानना है कि आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज वैभव को इंटरनेशनल डेब्यू कराने का सबसे सही मौका था, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें पूरे दौरे में बेंच पर बैठाए रखा.
भारत ने आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज 0-2 से गंवा दी. फिर बुधवार (1 जुलाई) को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकबले में भी वैभव को प्लेइंग-11 में शमिल नहीं किया गया. वैभव को मौका नहीं देने पर क्रिकेट विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं. अब इस बहस में रवि शास्त्री भी शामिल हो गए. हालांकि इस दौरान उन्होंने बेतुका बयान भी दिया. शास्त्री ने कहा कि वैभव को खिलाया जाता तो वो पैंट उतारकर******* देता.
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बातचीत के दौरान रवि शास्त्री ने कहा, 'अरे वो खेलना चाहिए था, यार. आयरलैंड में ही खिलाना चाहिए था. विकेट धीमी थी और गेंद रुककर आ रही थी. छप्पड़ पर मारता, एक तो ग्राउंड भी काफी छोटा था. पैंट उतारकर****** देता. उसे वहां जरूर खिलाना चाहिए था.'
रवि शास्त्री के मुताबिक यह कहना मुश्किल है कि इंग्लैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा या नहीं, लेकिन टीम मैनेजमेंट को जल्द से जल्द उन्हें डेब्यू कराना चाहिए. रवि शास्त्री ने कहा, 'मैं नहीं जानता कि वह इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा या नहीं, लेकिन उसे जितनी जल्दी हो सके मौका देना चाहिए. उसने आईपीएल में हर गेंदबाज की धुनाई की है. ऐसा कोई तेज गेंदबाज नहीं था जिसे उसने छोड़ा हो, और आप उसे सिर्फ बेंच पर बिठाते रहे.'
रवि शास्त्री ने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम का 'एक्स-फैक्टर' बताते हुए कहा कि 15 साल की उम्र में वह बिना किसी दबाव के खेलता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. शास्त्री कहते हैं, 'वह टीम का एक्स-फैक्टर है. उसके पास कोई मानसिक रूप से प्रेशर नहीं है. वह सिर्फ 15 साल का है और युवाओं वाली ऊर्जा उसके अंदर है. उसे किसी का डर नहीं है. अगर शुरुआती दो-तीन ओवर में उसका बल्ला चल गया तो वह टीम को ऐसी शुरुआत देगा, जिसका फायदा पूरा मिडिल ऑर्डर उठा सकता है. उसके लिए टीम में जगह बनानी ही होगी."
वैभव सूर्यवंशी ने हाल के महीनों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने इस साल भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके बाद आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में उन्होंने 776 रन बनाकर कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए. इसके बावजूद आयरलैंड के खिलाफ उन्हें एक भी मैच में मौका नहीं मिला. अब इंग्लैंड दौरे पर भी पहले मैच में उनको निराशा हाथ लगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क