साउथ अफ्रीका से हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में खलबली, कप्तान पैट कमिंस ने दिए बड़े बदलाव के संकेत

गकेबरहा टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम को साउथ अफ्रीका ने करारी शिकस्त दी. ऑस्ट्रेलिया टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही. ट्रेविस हेड ही दूसरी पारी में शतक लगा सके. अब ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव कर सकती है.

Advertisement
पैट कमिंस का छलका दर्द, टीम के खराब प्रदर्शन पर जताया गुस्सा. (Photo: AP) पैट कमिंस का छलका दर्द, टीम के खराब प्रदर्शन पर जताया गुस्सा. (Photo: AP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • गकेबरहा,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:41 PM IST

साउथ अफ्रीका के हाथों टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में पारी और 31 रनों से हार झेलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पर सवाल खड़े हो गए हैं. कप्तान पैट कमिंस ने स्वीकार किया कि टीम मैनेजमेंट को अब प्लेइंग इलेवन पर नए सिरे से विचार करना होगा. 27 अक्टूबर से केपटाउन में शुरू होने वाले निर्णायक टेस्ट के लिए कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस की उपलब्धता भी चयन को प्रभावित कर सकती है.

Advertisement

गकेबरहा टेस्ट मैच में फॉलोऑन खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरी पारी में 295 रनों पर सिमट गई. मार्नस लाबुशेन 39 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निक मैडिनसन और ब्यू वेबस्टर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. मैडिनसन ने पहली पारी में शून्य और दूसरी इनिंग्स में आठ रन बनाए. वहीं वेबस्टर के बल्ले से 13 और 8 रन निकले.

लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एक और मौका देने या उनकी जगह नए खिलाड़ियों को उतारने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन को फैसला करना होगा. कमिंस ने कहा, 'हमेशा यह चुनौती रहती है कि किसी खिलाड़ी को एक और मैच दिया जाए या बदलाव करने का यही सही समय है. अगले कुछ दिनों में इसी पर चर्चा होगी.'
यह भी पढ़ें: WTC टेबल में ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, साउथ अफ्रीका ने घटाया फासला, टीम इंडिया किस नंबर पर?

Advertisement

उन्होंने यह भी बताया कि कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस तीसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. पैट कमिंस के मुताबिक, टीम कॉम्बिनेशन पर विचार करते समय दोनों खिलाड़ियों के नाम चर्चा में आएंगे.

पहला टेस्ट में कंगारुओं को मिली थी जीत
कंगारू टीम ने पहला टेस्ट 214 रनों से जीता था. उस मुकाबले में मैट रेनशॉ ने 10 साल बाद अपना पहला टेस्ट शतक लगाया, लेकिन पैट कमिंस ने माना कि टीम की बल्लेबाजी तब भी उम्मीद के मुताबिक नहीं थी. उन्होंने कहा, 'रेनशॉ ने डरबन में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन मुझे लगता है कि खासकर बल्लेबाजी में हम अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं थे. हमारे बल्लेबाजों की क्षमता और उनके अपने मानकों को देखते हुए, हम उम्मीद से कम रन बना रहे हैं.'

पैट कमिंस ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास केपटाउन टेस्ट से पहले तैयारी और अपनी गलतियों की समीक्षा करने के लिए कुछ दिन हैं. ऑस्ट्रेलियाई टीम अब निर्णायक मुकाबले में बेहतर बल्लेबाजी करना चाहेगी, ताकि सीरीज पर कब्जा किया सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »