भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को लेकर अब पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर राशिद लतीफ ने बड़ा बयान दिया है. लतीफ का मानना है कि वैभव अब सिर्फ भविष्य के खिलाड़ी नहीं रहे, बल्कि भारतीय टीम की ओर से खेलने के लिए पूरी तरह परिपक्व हो चुके हैं और उन्हें जल्द अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका मिलना चाहिए.
एक इंटरव्यू के दौरान राशिद लतीफ ने कहा कि वह हमेशा वर्ल्ड कप जीतने वाले अनुभवी ओपनरों के समर्थक रहे हैं, लेकिन वैभव सूर्यवंशी कोई साधारण खिलाड़ी नहीं हैं.
उन्होंने आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन से ना सिर्फ भारतीय बल्कि विदेशी खिलाड़ियों के बीच भी अपनी अलग पहचान बनाई है. लतीफ ने कहा कि आईपीएल जैसे बड़े मंच पर दबाव में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता, लेकिन वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से साबित किया है कि उनमें बड़े मैचों में खेलने का दम है.
ऐसे में अब समय आ गया है कि भारतीय टीम उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका दे. हालांकि भारतीय टीम में ओपनिंग के लिए पहले से अनुभवी बल्लेबाज मौजूद हैं, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी और बेखौफ अंदाज उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है.
यह भी पढ़ें: अगर गंभीर ने ये कॉम्बो ट्राय किया तो वैभव सूर्यवंशी के लिए 'शर्तिया' बनेगी टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में जगह
आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मुकाबले में वैभव को मौका नहीं मिला था. इंग्लेंड के खिलाफ चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भी वैभव का डेब्यू नहीं हुआ.
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट इंग्लेंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव को मौका देगी कि नहीं. फिलहाल राशिद लतीफ का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इस पर चर्चा तेज हो गई है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क