बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (8 मई) से शुरू हुआ. ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच के पहले दिन ही बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हसन शांतो (Najmul Hossain Shanto) ने अपने बल्ले से नया इतिहास लिख दिया. बांग्लादेश के टेस्ट कप्तान शांतो अब देश के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले कप्तान बन गए हैं.
शांतो ने पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 130 गेंदों पर 101 रन बनाए. उनकी इस कप्तानी पारी में 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. हालांकि उनकी शानदार पारी का अंत मोहम्मद अब्बास ने LBW आउट करके किया, लेकिन तब तक शांतो रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा चुके थे.
यह शांतो का टेस्ट कप्तान के तौर पर 5वां शतक था. इसके साथ ही उन्होंने मुशफिकुर रहीम (Mushfiqur Rahim) को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम कप्तान रहते हुए 4 टेस्ट शतक दर्ज थे. तीसरे नंबर पर मोमिनुल हक हैं, जिन्होंने कप्तान के रूप में 3 टेस्ट सेंचुरी लगाई थीं.
दिलचस्प बात यह रही कि शांतो ने यह रिकॉर्ड सिर्फ 30 पारियों में बनाया. वहीं मुश्फिकुर रहीम को 4 शतक तक पहुंचने में 61 पारियां लगी थीं. पाकिस्तान दौरे के बीच आई यह पारी बांग्लादेश क्रिकेट के लिए खास मानी जा रही है. पिछले कुछ समय से टेस्ट कप्तानी संभाल रहे शांतो लगातार बल्ले से जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उनकी यह सेंचुरी ऐसे समय आई, जब टीम को बड़े स्कोर और मजबूत साझेदारी की जरूरत थी.
मैच के पहले दिन बांग्लादेश ने 4 विकेट खोकर 301 रन बना लिए है. लिटन दास (8 नाबाद) और मुश्फिकुर रहीम (48 नाबाद) बनाकर डटे हुए हैं. पहले दिन पाकिस्तान की ओर से शाहीन आफरीदी, मोहम्मद अब्बास, हसन अली और नोमान अली को 1-1 सफलता मिली.
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मैच 16 मई से सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जो भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा.
बांग्लादेश की प्लेइंग 11: महमूदुल हसन जॉय, शादमान इस्लाम, मोमिनुल हक, नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), मुश्फिकुर रहीम, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा और इबादत हुसैन.
पाकिस्तान की प्लेइंग 11: इमाम उल हक, अजान अवैस, अब्दुल्ला फजल, शान मसूद (कप्तान), सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान आगा, शाहीन आफरीदी, नोमान अली, हसन अली, मोहम्मद अब्बास.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क