आईपीएल 2026 में मंगलवार को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. 11-11 ओवर के इस मैच में वैभव ने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया.
मैच से पहले जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी के बीच मुकाबले को काफी अहम माना जा रहा था. मुंबई इंडियंस की ओर से दूसरे ओवर में बुमराह गेंदबाजी के लिए आए और सामने थे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी. बुमराह की पहली गेंद थोड़ी फुल लेंथ रही और वैभव ने बिना किसी झिझक के लॉन्ग ऑन के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया.
वैभव का यह शॉट देखकर गुवाहाटी का मैदान और खुद बुमराह भी हैरान रह गए. इस आक्रामक शुरुआत ने राजस्थान रॉयल्स की पारी का टोन सेट कर दिया और मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.
बुमराह अपनी सटीक लाइन-लेंथ के लिए जाने जाते हैं, लेकिन वैभव ने उनके खिलाफ बिल्कुल भी सम्मान नहीं दिखाया. हालांकि बुमराह ने अपना संयम बनाए रखा और मुस्कुराते हुए वापस रनअप पर लौटे. लेकिन वैभव यहीं नहीं रुके.
यह भी पढ़ें: RR vs MI, IPL 2026 Live Score: 39 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए वैभव, राजस्थान को पहला झटका
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस पारी में 1 चौका और 5 छक्के शामिल रहे. आखिरकार शार्दुल ठाकुर ने उन्हें आउट कर मुंबई इंडियंस को बड़ी राहत दिलाई.
ऐसा रही वैभव और बुमराह की टक्कर
बुमराह दूसरे ही ओवर में गेंदबाजी के लिए आए थे. सामने थे वैभव सूर्यवंशी. पहली ही गेंद वैभव के स्लॉट में गिरी और वैभव ने बिना किसी संकोच के उसे छक्के के लिए उड़ा दिया. वैभव का ये साहस देखकर बुमराह बस मुस्कराए और वापस रन अप पर चले गए. दूसरी गेंद पर वैभव ने सिंगल लिया. तीसरी गेंद यशस्वी ने सिंगल ली और चौथे गेंद पर फिर वैभव ने छक्का जड़ दिया. लेकिन इसके बाद बुमराह ने वापसी की और 5वीं और छठी गेंद डॉट डाली. यानी बुमराह ने कुल 5 गेंदें वैभव को फेंकी और इसमें वैभव ने कुल 13 रन बंटोरे.
बता दें कि बारिश के चलते ये मुकाबला करीब 2.30 घंटे की देरी से शुरू हुआ. और इसे 11-11 ओवरों को कराने का फैसला लिया गया था. टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी चुनी थी.
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा.
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम ग़ज़नफ़र, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह.
aajtak.in