India vs New Zealand, T20 World Cup Updates: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया है. अहमदाबाद में रविवार को खेले गए फाइनल मैच में भारत ने 96 रनों से शानदार जीत हासिल की और तीसरी बार ये खिताब अपने नाम कर लिया. इस मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 का टोटल कीवी टीम के सामने रखा था. इसके जवाब में न्यूजीलैंड टीम 159 के स्कोर पर ही ढेर हो गई.
तीसरी बार भारत ने जीता खिताब, टाइटल डिफेंड करने वाली पहली टीम
भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है. इसके साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है. साथ ही पहली बार कोई मेजबान टीम टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी भी जीती है. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम एक बार फिर खिताब जीतने से चूक गई है.
ऐसी रही न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी
न्यूजीलैंड की ओर से ओपनिंग करने फिन एलन और टिम सीफर्ट आए, जहां मैच के पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे ने अर्शदीप सिंह की गेंद पर कैच छोड़ दिया. एलन का उस समय खाता भी नहीं खुला था. लेकिन तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने एलन का विकेट झटका. इसके बाद अगले ही ओवर में बुमराह ने रचिन रविंद्र को चलता किया. रविंद्र के बल्ले से केवल 1 रन आए. इसके बाद 5वें ओवर में अक्षर ने ग्लेन फिलिप्स को बोल्ड कर दिया. उस वक्त कीवी टीम का स्कोर 47 रन था. लेकिन इसी बीच सीफर्ट ने केवल 23 गेंद में ही फिफ्टी जड़ दी. इसके बाद हार्दिक 8वां ओवर लेकर आए और उन्होंने मार्क चैपमैन को आउट कर दिया.
इसके बाद न्यूजीलैंड को सबसे बड़ा झटका वरुण ने 9वें ओवर में दिया. जब उन्होंने सीफर्ट का विकेट झटका. ईशान ने एक शानदार कैच लपका. सीफर्ट के बल्ले से 52 रन आए. 13वें ओवर में अक्षर ने डेरिल मिचेल का विकेट झटका. इसके बाद 16वें ओवर में बुमराह ने नीशम को बोल्ड कर दिया. इसी ओवर में बुमराह ने हेनरी को भी बोल्ड किया. इसके बाद 18वें ओवर में बुमराह ने सैंटनर को भी बोल्ड कर दिया. आखिरकार न्यूजीलैंड की टीम केवल 159 के स्कोर पर ही ढेर हो गई. बुमराह को 4 तो अक्षर को 3 विकेट मिले.
ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी
टीम इंडिया ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की फिफ्टी और दुबे की आतिशी 26 रनों की पारी के दम पर न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का लक्ष्य रखा.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने की. दोनों ने संभली हुई शुरुआत दिलाई और बीच-बीच में अच्छे शॉट भी लगाए. अभिषेक भी बदले अंदाज में नजर आए. लेकिन चौथा ओवर लेकर फर्ग्यूसन आए और इस ओवर में दोनों ने 24 रन बना दिए. और भारत का स्कोर 50 के पार पहुंच गया. इसके बाद अभिषेक ने मोर्चा संभाला और 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. भारत का स्कोर 6 ओवर के बाद 92 रन था. हालांकि, 8वें ओवर में टीम इंडिया को पहला झटका लगा जब अभिषेक शर्मा रचिन रविंद्र का शिकार बने. अभिषेक ने 21 गेंद में 52 रन बनाए.
लेकिन इसी बीच 8वें ओवर में टीम इंडिया ने 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया. इसी बीच 11वें ओवर में ही संजू सैमसन ने अपनी फिफ्टी पूरी की. संजू ने केवल 33 गेंद में पचासा जड़ा. ये वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी थी. 15वें ओवर में ही टीम इंडिया ने 200 का आंकड़ा पार कर लिया. वहीं ईशान ने भी इसी ओवर में 23 गेंद में फिफ्टी जड़ी. 16वें ओवर में टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा जब संजू 46 गेंद में 89 रन बनाकर आउट हुए.
लेकिन इसी ओवर में ईशान भी अपना विकेट गंवा बैठे. किशन के बल्ले से 54 रन आए. इसी ओवर में कप्तान सूर्या बिना खाता खोले आउट हो गए. यानी नीशम ने एक ओवर में 3 विकेट झटके. तब भारत का स्कोर 16 ओवर में 204-4 था. लेकिन इसके बाद हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला. लेकिन 19वें ओवर में हार्दिक अपना विकेट गंवा बैठे. तब भारत का स्कोर 226-5 था. लेकिन इसके बाद शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में नीशम को आड़े हाथों लिया. आखिरी ओवर में दुबे ने 24 रन बनाए. दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन बनाए. जिसके दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का लक्ष्य रखा. आखिरी 5 ओवर में भारतीय बैटर्स ने 52 रन बनाए.
भारत (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी.
भारत vs न्यूजीलैंड H2H
कुल टी20I मैच- 31
भारत ने जीते- 19
न्यूजीलैंड ने जीते- 11
टाई- 1
भारत vs न्यूजीलैंड (टी20 वर्ल्ड कप)
कुल मुकाबले- 4
न्यूजीलैंड ने जीते- 3
भारत ने जीते- 1
भारत vs न्यूजीलैंड (आईसीसी टूर्नामेंट्स फाइनल)
कुल मुकाबले- 4
न्यूजीलैंड ने जीते-2
भारत ने जीते-2
aajtak.in