इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच ट्राई सीरीज का खिताबी मुकाबला 21 जून (रविवार) को खेला जाएगा. दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा.
टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है और दिलचस्प बात यह है कि दोनों एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच जीत चुकी हैं. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए यह फाइनल बहुत ही अहम होने वाला है.
बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस ट्राई सीरीज में 4 मैचों में महज 117 रन ही बनाए हैं और उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. अब वो फाइनल में धांसू खेल दिखाना चाहेंगे. बता दें कि इंडिया-ए ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था.
उस मैच में प्रियांश आर्य, तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने अर्धशतक लगाए. जबकि निशांत सिंधु चार विकेट लेकर जीत के हीरो बने. दूसरी ओर श्रीलंका-ए पूरे टूर्नामेंट में संतुलित टीम के रूप में उभरी है. मेजबान टीम ने हाल ही में अफगानिस्तान-ए को 103 रनों से हराया था और घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए फाइनल में उतर रही है.
पिछली भिड़ंत ने बढ़ाया रोमांच
इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच 15 जून को खेला गया मुकाबला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था. मैच टाई रहा और फिर सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने बाजी मार ली. उस मुकाबले में विवाद, तनाव और ड्रामा भी देखने को मिला था. ऐसे में फाइनल सिर्फ ट्रॉफी की लड़ाई नहीं, बल्कि बदले की जंग भी बन चुका है.
इंडिया-ए की क्या है ताकत?
भारतीय टीम की बल्लेबाजी इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी ताकत रही है. कप्तान तिलक वर्मा शानदार लय में हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है. प्रियांश आर्य, आयुष बदोनी और कुमार कुशाग्र मध्यक्रम को मजबूती देते हैं. इंडिया-ए की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने सबसे ज्यादा 4 मैचों में 234 रन बनाए हैं.
गेंदबाजी में निशांत सिंधु, अंशुल कम्बोज, अरशद खान और यश ठाकुर विपक्षी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं. इंडिया-ए की ओर से गेंदबाजी में अनुकूल रॉय और निशांत सिंधु ने 5-5 विकेट झटके हैं.
श्रीलंका-ए की क्या है ताकत?
श्रीलंका-ए के पास अनुभव और घरेलू हालात का फायदा है. निरोशन डिकवेला, अविष्का फर्नांडो और सदीरा समरविक्रमा जैसे बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को दबाव में ला सकते हैं. गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से विजयकांत व्यासकांत और कुगाथास मथुलन ने 6-6 विकेट झटके हैं. अविष्का फर्नांडो ने इस सीरीज में सबसे ज्यादा 4 मैचों में 285 रन बनाए हैं.
पिच कैसी रहेगी?
दांबुला की पिच आमतौर पर शुरुआत में बल्लेबाजों के लिए अच्छी रहती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिनरों को मदद मिलने लगती है. पहली पारी में 260-280 का स्कोर चुनौतीपूर्ण माना जा सकता है. टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी किस टीम के खिलाफ खेलेंगे फाइनल? खिताबी मुकाबले की तस्वीर हुई साफ
इंडिया-ए का फुल स्क्वॉड: वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, आयुष बदोनी, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, अरशद खान, विप्रज निगम, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे और अंशुल कम्बोज.
श्रीलंका-ए का फुल स्कॉड: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानीदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), वानुजा सहान, चमिका करुणारत्ने, विजयकांत व्यासकांत, मोहम्मद शिराज, अहान विक्रमसिंघे, चमिका गुणसेकरा, रविंदु फर्नांडो, गरुका संकेथ, विशेन हलंबगे, कुगाथास मथुलन और दुलाज समुदिता.
इंडिया-ए की संभावित प्लेइंग XI: वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्य, तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, आयुष बदोनी, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, अरशद खान, अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर और विप्रज निगम.
श्रीलंका-ए की संभावित प्लेइंग XI: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानीदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), चमिका गुणसेकरा, विजयकांत व्यासकांत, अहान विक्रमसिंघे, दुलाज समुदिता, मोहम्मद शिराज और कुगाथास मथुलन.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क