IND A VS AFG A: सुपर ओवर बवाल के बाद वैभव सूर्यवंशी फ‍िर मैदान पर, अफगानिस्तान के खिलाफ कल व‍िजय जरूरी, वरना...

ट्राई सीरीज में लगातार दो हार झेल चुकी इंड‍िया A टीम बुधवार को दांबुला में अफगानिस्तान A के खिलाफ बेहद अहम मुकाबला खेलेगी. तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम के लिए यह मैच फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिहाज से निर्णायक है. ऋतुराज गायकवाड़ शानदार फॉर्म में हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी और गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.

Advertisement
करो या मरो का मुकाबला, अफगानिस्तान से भिड़ेगा इंडिया A, फाइनल की उम्मीदें दांव पर (Photo: PTI) करो या मरो का मुकाबला, अफगानिस्तान से भिड़ेगा इंडिया A, फाइनल की उम्मीदें दांव पर (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • दांबुला ,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:07 PM IST

दांबुला में बुधवार को  इंड‍िया A और अफगानिस्तान A के बीच होने वाला मुकाबला ट्राई सीरीज के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है. आईपीएल स्टार्स से सजी इंड‍िया A टीम लगातार दो हार के बाद दबाव में है और अब उसके सामने जीत के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है.

सीरीज के प्रारूप के मुताबिक तीनों टीमें इंड‍िया A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेल रही हैं. इसके बाद पॉइंट टेबल में टॉप दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी. ऐसे में इंड‍िया A के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा बन गया है.

Advertisement

फिलहाल श्रीलंका A तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार पॉइंट्स और 0.494 के नेट रन रेट के दम पर टॉप पर है. इंड‍िया A और अफगानिस्तान A दोनों के खाते में दो-दो अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (0.032) की वजह से इंड‍िया आगे है, जबकि अफगानिस्तान का नेट रन रेट -1.392 है.

कहीं टूट ना जाए इंड‍िया ए का फाइनल खेलने का सपना 
हालांकि इंड‍िया के लिए चुनौती सिर्फ जीत दर्ज करने की नहीं है. अगर मौसम ने साथ दिया और टीम अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही तो फाइनल की उम्मीदें मजबूत होंगी. यह मुकाबला इंड‍िया A के दौरे का आखिरी मैच भी साबित हो सकता है, क्योंकि अफगानिस्तान A के पास अभी दो मुकाबले और बाकी हैं और वह अंक तालिका में इंड‍िया को पीछे छोड़ सकता है.

Advertisement

इंड‍िया A और अफगानिस्तान A की पहली भिड़ंत में तिलक वर्मा की टीम ने 349/9 का विशाल स्कोर बनाया था. इसके बावजूद अफगानिस्तान ने 25.5 ओवर में 177/2 तक पहुंचकर डीएलएस नियम के तहत चार रन से जीत दर्ज कर ली थी. वहीं श्रीलंका A के खिलाफ पहले मुकाबले में भी इंड‍िया को सिर्फ आठ रन से करीबी जीत मिली थी.

नजर फ‍िर वैभव सूर्यवंशी पर होगी
सोमवार को श्रीलंका A के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी चर्चा में रहे. सुपर ओवर में 17 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंड‍िया A सिर्फ 9 रन ही बना सका. वैभव ने आखिरी तीन गेंदों का सामना किया. मैच खत्म होने के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों के जश्न के दौरान वैभव और कुछ खिलाड़ियों के बीच कहासुनी भी देखने को मिली, जिसने टूर्नामेंट में थोड़ा रोमांच बढ़ा दिया.

आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी से इस सीरीज में बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अब तक वह अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके हैं. उन्होंने तीन मैचों में 14, 44 और 21 रन बनाए हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला उनके लिए खुद को साबित करने का एक और मौका होगा.

ऋतुराज का फॉर्म है शानदार 
इंड‍िया A के लिए सबसे बड़ी पॉज‍िट‍िव बात ऋतुराज गायकवाड़ का शानदार फॉर्म है. उपकप्तान ऋतुराज ने तीन मैचों में 204 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है. कप्तान तिलक वर्मा ने भी 149 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक जड़े हैं.

Advertisement

सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह और विप्रज निगम भी एक-एक अर्धशतक लगा चुके हैं. हालांकि टीम को बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है.

गेंदबाजी विभाग में अरशद खान, अनुकूल रॉय और आयुष बदोनी ने तीन मैचों में चार-चार विकेट लिए हैं, लेकिन प्रतिद्वंद्वी टीमों के गेंदबाज उनसे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी को देखते हुए इंड‍िया A ने चोटिल युद्धवीर सिंह की जगह तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया है.

दूसरी ओर अफगानिस्तान A भी अब तक पूरी तरह संतुलित प्रदर्शन नहीं कर पाया है. इंड‍िया के खिलाफ डीएलएस जीत के अलावा टीम को श्रीलंका A के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में वह भी इस मुकाबले में जीत के लिए पूरा जोर लगाएगा.

अब सभी की नजरें बुधवार सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले पर होंगी, जहां इंड‍िया A के सामने सिर्फ एक लक्ष्य होगा जीत और स‍िर्फ जीत, क्योंकि इसे हासिल कर फाइनल की दौड़ में खुद को जिंदा रखना त‍िलक वर्मा एंड कंपनी करना चाहेगी. 

इंड‍िया-A स्क्वॉड: तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकुल रॉय और अशोक शर्मा.

Advertisement

अफगानिस्तान-A का स्क्वॉड: इमरान मीर (कप्तान), हसन ईसाखिल, खालिद तानीवाल, बहिर शाह, इजाज अहमद अहमदजई, इशाक रहीमी (विकेटकीपर), खलील गुरबाज, जहीर खान, अब्दुल्ला अहमदजई, मोहम्मद इब्राहिम, फरमानुल्लाह सफी, फैसल खान अहमदजई, शम्स उर रहमान, फरीदून दाऊदजई और नूर उल रहमान.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »