IND vs SL: क्या तीसरे दिन ही खत्म हो जाएगा मैच? श्रीलंका पर मंडराया फॉलोऑन का खतरा, बचने के लिए करना होगा चमत्कार!

भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही है. टीम ने महज 8 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं. ऐसे में श्रीलंका के लिए टेस्ट मैच के तीसरे दिन का पहला सेशन बेहद अहम होने वाला है.

Advertisement
श्रीलंका पर भारत ने कसा शिकंजा (PHOTO: PTI) श्रीलंका पर भारत ने कसा शिकंजा (PHOTO: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:02 PM IST

कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपना पूरा दबदबा बनाए रखा. पहली पारी में 503 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को शुरुआती झटके देकर मुकाबले पर अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है. 

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 8 रन ही बना सकी है. श्रीलंका की टीम अभी भी भारत से अभी भी 495 रन पीछे है. इससे पहले भारत ने दिन की शुरुआत 5 विकेट पर 300 रनों के स्कोर से की थी. 

Advertisement

क्रीज पर मौजूद सारांश जैन भले ही दिन की शुरुआत में जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत ने मिलकर श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली. पहले दिन चोटिल होकर मैदान से बाहर गए पंत ने शानदार वापसी की और 89 गेंदों पर 63 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. 

ध्रुव जुरेल ने जड़ा शतक

दूसरी तरफ ध्रुव जुरेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा. जुरेल 115 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसकी बदौलत भारत ने 503 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की. श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए.

श्रीलंका की बेहद खराब शुरुआत

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बारिश के कारण काफी प्रभावित रही. खराब मौसम की वजह से आखिरी सेशन में सिर्फ 25 मिनट का ही खेल संभव हो सका, लेकिन इतने ही वक्त में भारतीय गेंदबाजों ने विरोधी टीम की हवा निकाल दी. 

Advertisement

तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरू उदारा (1 रन) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई, वहीं फॉर्म में चल रहे स्पिनर मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या (2 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने मैच पर पूरी तरह से शिकंजा कस लिया है. अब तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों की कोशिश श्रीलंका को सस्ते में समेटकर फॉलोऑन खिलाने की होगी.

मंडराया फॉलो ऑन का खतरा

श्रीलंका को वापसी करने के लिए अब किसी चमत्कार की उम्मीद होगी. श्रीलंका पर दूसरे टेस्ट मैच में फॉलो ऑन का खतरा मंडरा रहा है. श्रीलंका को फॉलोऑन से बचने के लिए कम से कम 304 रन बनाने होंगे. भारतीय टीम की कोशिश श्रीलंका की दोनों ही पारियों को तीसरे दिन ऑल आउट कर पारी से मुकाबले को जीतने की होगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »