न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी टीम को बेहतर शुरुआत दिलाने में नाकाम रही. संजू सैमसन के फ्लॉप होने के बाद वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई.
पांचवें टी20 मुकाबले के दौरान मैदान पर एक ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने फैन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. दरअसल, न्यूजीलैंड के फील्डर फिन एलन ने बाउंड्री लाइन पर हवा में उड़ते हुए एक चमत्कारी कैच लपका, जिसे देखकर सब दंग रह गए.
मैदान पर ऐसा लगा कि ईशान किशन की पारी का अंत हो चुका है, लेकिन थर्ड अंपायर के एक फैसले ने भारत को बड़ी राहत दी और ईशान किशन को जीवनदान मिल गया. हालांकि, इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
यह पूरा वाकया पारी के सातवें ओवर में हुआ जब कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर गेंदबाजी कर रहे थे. सेंटनर की ऑफ स्टंप से बाहर जाती फ्लाइटेड गेंद पर ईशान किशन ने लॉन्ग ऑन की तरफ लंबा शॉट खेलना चाहा. हालांकि, बल्ले और गेंद का संपर्क उतनी अच्छी तरह नहीं हुआ और गेंद सीधे बाउंड्री की तरफ हवा में चली गई.
फिन एलन ने किया गजब का करिश्मा
वहां तैनात फिन एलन ने गजब की फुर्ती दिखाते हुए दौड़ लगाई और हवा में छलांग लगाकर अविश्वसनीय कैच लपक लिया. बाउंड्री पार जाने के खतरे को भांपते हुए एलन ने हवा में ही गेंद को अंदर उछालने की चालाकी दिखाई और बाउंड्री के भीतर आकर दोबारा कैच पूरा कर लिया. शुरुआत में ऐसा लगा कि ईशान किशन आउट हो चुके हैं और कीवी खिलाड़ी जश्न मनाने लगे.
थर्ड अंपायर के फैसले से बची जान
मैदान पर अंपायर ने मामले को थर्ड अंपायर के पास रेफर किया. इसके बाद कई अलग-अलग कैमरों के एंगल और स्प्लिट-स्क्रीन फुटेज को बारीकी से परखा गया. रिप्ले में साफ दिखा कि जब फिन एलन हवा में गेंद को अंदर की तरफ फेंक रहे थे, उससे पहले ही उनका दाहिना पैर बाउंड्री लाइन के बाहर जमीन को छू चुका था. क्रिकेट के नियमों के मुताबिक यह कैच अवैध करार दिया गया और थर्ड अंपायर ने नॉट-आउट का फैसला सुनाया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क