क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में न्यूजीलैंड को भारत के हाथों 4 विकेट से दिल तोड़ने वाली हार झेलनी पड़ी. लेकिन कीवी टीम के कप्तान मिचेल सेंटनर ने अपनी फिरकी से इस मुकाबले में अलग छाप छोड़ने में कामयाबी हासिल की. सेंटनर ने इस मुकाबले में चार विकेट चटकाकर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था.
पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 180 रन बनाए थे. जवाब में उतरी भारतीय टीम ने एक समय घुटने टेक दिए थे, लेकिन अंत में युवाओं ने कमाल कर दिखाया. इस तरह एक समय जहां न्यूजीलैंड की जीत पक्की लग रही थी, वहां टीम को हार का सामना करना पड़ा.
मैच के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर काफी निराश नजर आए और उन्होंने हार का ठीकरा अपनी टीम की फील्डिंग में हुई छोटी-छोटी गलतियों और एक आसान कैच छोड़ने पर फोड़ा है. सेंटनर ने कहा कि अगर हमने मैच में सभी कैच लपक लिए होते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था.
मैच के बाद बात करते हुए कीवी कप्तान सेंटनर ने माना कि एक मजबूत टीम के खिलाफ छोटी-छोटी गलतियां भारी पड़ जाती हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि तिलक वर्मा, नमन धीर और अंत में नीतीश कुमार रेड्डी ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की.
सेंटनर ने बताई कहां हुई खिलाड़ियों से चूक
सेंटनर ने कहा कि अगर उनकी टीम अंत में एक और विकेट चटकाने में सफल हो जाती तो मैच पूरी तरह खत्म हो जाता. लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने दबाव में शानदार नियंत्रण दिखाया. बल्लेबाजों ने दमदार खेल से गेंदबाजों को गलतियां करने पर मजबूर कर दिया. कीवी कप्तान ने खासतौर पर मैदान पर हुई फील्डिंग की गलतियों और छूटे हुए मौकों पर अपनी नाराजगी जताई.
मैच के दौरान माइकल ब्रेसवेल की गेंद पर युवा वैभव सूर्यवंशी का एक आसान सा कैच बेवन जैकोब ने टपका दिया था, जिसे लेकर सेंटनर का गुस्सा कैमरे में कैद हो गया था. इस जीवनदान के बाद हालांकि वैभव ज्यादा देर नहीं टिक सके और 4 रन बनाकर आउट हो गए.
सेंटनर का मानना है कि ऐसे अहम मौकों पर कैच छोड़ना और मैदान पर सुस्ती दिखाना उनकी टीम को बहुत महंगा पड़ा. इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही थी और उन्होंने शुरुआती 3 विकेट जल्दी गंवा दिए थे.
लेकिन इसके बाद ग्लेन फिलिप्स (70) और बेवन जैकोब ने पारी को शानदार तरीके से संभाला और टीम को 180 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.
सेंटनर ने अपनी गेंदबाजी यूनिट की तारीफ करते हुए कहा कि शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, लेकिन मैच के अहम पलों में फील्डिंग के स्तर पर हुई छोटी गलतियों ने उनसे जीत का मौका छीन लिया. इसके साथ ही उन्होंने सीरीज के आने वाले मैचों में खिलाड़ियों के वर्कलोड को देखते हुए रोटेशन करने का संकेत भी दिया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क