इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से पिछड़ रही टीम इंडिया को चौथे मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा . भारत के दो अहम खिलाड़ी चोटिल हो हो गए हैं. स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण ब्रिस्टल में खेले जा रहे चौथे टी20 में नहीं खेल रहे हैं. उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है.
ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. सीरीज में बने रहने के लिए भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है. अगर भारतीय टीम यह मैच हारती है तो लगातार दूसरी टी20 सीरीज भी गंवा देगी.
श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतन के बाद क्या कहा?
टॉस के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि यह टीम के लिए 'करो या मरो' जैसा मुकाबला है और भारत उसी मानसिकता के साथ उतरेगा. उन्होंने कहा- पहले दो मैचों में हमने जिस निडर क्रिकेट की झलक दिखाई थी, उसे फिर से मैदान पर उतारना होगा. हमारी प्लानिंग का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो पाया, लेकिन आज नई शुरुआत का मौका है और खिलाड़ी अच्छे उत्साह में हैं.
अय्यर ने कहा कि केवल सकारात्मक सोच काफी नहीं होती, बल्कि मैच के दौरान परिस्थितियों को तेजी से समझना और उसी हिसाब से खुद को ढालना जरूरी है.
उन्होंने कहा- आपको विकेट को पढ़ना होगा, हवा किस दिशा में बह रही है, इन सभी चीजों पर नजर रखनी होगी. अगर रणनीति सही रही तो नतीजे भी आपके पक्ष में आएंगे.
पिच को लेकर भारतीय कप्तान ने कहा कि विकेट पर अच्छी घास दिखाई दे रही है और शुरुआती ओवरों में यह देखना दिलचस्प होगा कि सतह किस तरह व्यवहार करती है.
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा.
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क