टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर चुके हैं. 24 जून को उन्होंने वाराणसी में अक्षिता राज के साथ सात फेरे लिए. शादी के बाद अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी को लेकर ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े.
वीडियो में आकाश दीप अपने दोस्तों के साथ ब नजर आते हैं. इसी दौरान एक दोस्त उनसे मजाकिया अंदाज में पूछता है- आपने विराट भइया, धोनी भइया और रोहित भइया को शादी में क्यों नहीं बुलाया?
इस सवाल पर आकाश दीप बिना देर किए मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं- वो यहां बनारस आते तो क्या शादी हो पाती? उनका जवाब सुनते ही वहां मौजूद सभी लोग जोरदार ठहाके लगाने लगते हैं. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और फैन्स भी इसे शेयर कर रहे हैं.
आकाश दीप की शादी की रस्में उनके पैतृक गांव बड्डी (रोहतास, बिहार) में चार दिनों तक चलीं. उनका घर रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के बड्डी गांव में है.
शादी को लेकर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल था. परिवार, रिश्तेदार और गांव के लोग शादी की तैयारियों में कई दिनों से जुटे हुए थे. भारतीय टीम के खिलाड़ी बनने के बाद गांव के बेटे की शादी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला था.
आकाश दीप की दुल्हन अक्षिता राज भी रोहतास जिले की रहने वाली हैं. वह डेहरी इलाके के मानिकपुर गांव से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता का नाम अमित सिंह है. अक्षिता की पढ़ाई-लिखाई और परवरिश डेहरी में ही हुई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक वह शांत स्वभाव की हैं. यह शादी दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई.
भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने के बावजूद आकाश दीप ने परिवार की पसंद को प्राथमिकता दी और पारंपरिक तरीके से शादी करने का फैसला किया. यही वजह रही कि इस शादी को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में भी खास उत्साह देखने को मिला.
शादी के दिन आकाश दीप की बारात बड्डी गांव से वाराणसी पहुंची, जहां एक बड़े होटल में विवाह समारोह आयोजित किया गया. इस समारोह में खेल, मनोरंजन और अन्य क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुईं. वहीं, जैसे ही दुल्हन अक्षिता राज की तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया. अब शादी का यह मजेदार वीडियो भी फैन्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क