'टीम इंडिया का कोच बना तो पत्नी दे देगी तलाक!' आशीष नेहरा ने किया चौंकाने वाला खुलासा

पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को भी टीम इंडिया के हेड कोच बनने का दावेदार माना जा रहा है. लेकिन क्या नेहरा खुद इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं. इस बात का खुलासा उन्होंने खुद कर दिया है.

Advertisement
नेहरा का चौंकाने वाला खुलासा. (PHOTO: PTI/Instagram) नेहरा का चौंकाने वाला खुलासा. (PHOTO: PTI/Instagram)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:56 PM IST

भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा अपने मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते रहे हैं. आईपीएल में गुजरात टाइटन्स के लिए बतौर कोच उनका सफर कमाल का रहा है. गुजरात को पहले ही सीजन में खिताब दिलाने में आशीष नेहरा की भूमिका बेहद अहम रही थी. 

हाल ही में जब आशीष नेहरा से भारतीय क्रिकेट टीम का हेड कोच बनने को लेकर सवाल पूछा गया तो उनका जवाब सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की हंसी छूट गई. नेहरा जी ने मजाकिया लहजे में साफ कह दिया कि अगर उन्होंने बिना पूछे टीम इंडिया की कोचिंग की जिम्मेदारी ली तो उनका अपनी पत्नी रुश्मा नेहरा से तलाक हो सकता है!

Advertisement

भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से दिल्ली में शुरू हो रही टी-20 सीरीज से पहले कोलकाता में सीएबी के सालाना अवॉर्ड समारोह में आशीष नेहरा पहुंचे थे.

जब उनसे पूछा गया कि क्या वो भविष्य में टीम इंडिया को कोचिंग देना चाहेंगे? इस पर नेहरा ने मुस्कुराते हुए कहा कि अभी इस पर कुछ भी कहना बहुत मुश्किल है. सबसे पहले तो मुझे अपने घर की हाई कमीशन यानी अपनी पत्नी से पूछना पड़ेगा! वरना मेरा तलाक हो सकता है.

भारतीय टीम के लिए कोचिंग करना आसान नहीं

इस बयान के पीछे नेहरा ने एक बहुत ही सीरियस वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में कोच बनने का सीधा सा मतलब है कि आपको साल के 8 से 9 महीने घर-परिवार से दूर रहकर लगातार ट्रैवल करना पड़ेगा. नेहरा ने आगे बताया कि यह काम बिल्कुल भी आसान नहीं है. इंटरनेशनल लेवल की कोचिंग में इतनी भागदौड़ और प्रेशर होता है कि कोई भी व्यक्ति 3 या 4 साल से ज्यादा इस पद पर टिक नहीं पाता.

Advertisement

गुजरात टाइटन्स को लेकर कही ये बात

गुजरात टाइटन्स को अपनी शानदार कोचिंग से आईपीएल चैम्पियन बना चुके नेहरा से जब आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट की तुलना करने को कहा गया तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से अपनी बात रखी. उन्होंने माना कि किसी देश की नेशनल टीम का कोच होना ज्यादा मुश्किल काम है.

नेहरा ने कहा कि पूरे देश का झंडा लेकर चलना और 9 महीने ट्रैवल करना कोई मामूली बात नहीं है. जब लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या मैं गुजरात के लिए काम कर रहा हूं तो मैं कहता हूं कि वो काम नहीं, मेरा पैशन है. नेहरा के मुताबिक आईपीएल में 10 टीमें होती हैं और मुकाबला कड़ा होता है, लेकिन नेशनल टीम को संभालना एक अलग ही लेवल की जिम्मेदारी है.

भविष्य को लेकर क्या है प्लान?

क्या वो कभी टीम इंडिया के कोच बनेंगे? इस पर नेहरा ने कहा कि यह उनके लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात होगी, लेकिन उन्होंने अभी तक ऐसा कुछ भी प्लान नहीं किया है. वो फिलहाल अपनी मौजूदा जिंदगी और काम से बहुत खुश हैं. मौजूदा समय में टीम इंडिया की कोचिंग की कमान गौतम गंभीर के हाथों में है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »