राजस्थान के सवाई माधोपुर में सोशल मीडिया के लिए रील बनाना भाई-बहन को महंगा पड़ गया. रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर वीडियो बनाने पर पुलिस ने एक्शन लिया है. वायरल वीडियो के आधार पर रेल सुरक्षा बल (RPF) ने दोनों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
मामला मलारना रेलवे स्टेशन के पास बनास नदी के रेलवे पुल का है, जहां पीलवा गांव का रहने वाला युवक अपनी बहन के साथ रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर रील बना रहे थे. इस दौरान उन्हें यह कहते सुना गया कि 'ये देख लो गाइज, ये खास रास्ता है...' उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में दोनों रेलवे ट्रैक और पुल पर खतरनाक तरीके से खड़े नजर आए, जो न सिर्फ नियमों का उल्लंघन था, बल्कि उनकी जान के लिए भी गंभीर खतरा था.
वीडियो सामने आने के बाद रेल सुरक्षा बल सवाई माधोपुर ने मामले को गंभीरता से लिया. टीम ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी व स्थानीय जानकारी के आधार पर दोनों की पहचान कर ली. इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
यह भी पढ़ें: ड्यूटी पर निकले दारोगा जी की रीलबाजी... गमछा डालकर लहराया हथियार, वीडियो वायरल हुआ तो एसपी ने सस्पेंड कर दिया
RPF अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो रेलवे परिसर में अनधिकृत एंट्री से संबंधित है.
रेलवे सुरक्षा बल ने इस घटना को लेकर सख्त संदेश दिया है कि रेलवे ट्रैक, पुलों या स्टेशन परिसर में इस तरह की गतिविधियां प्रतिबंधित हैं. ट्रैक पर चलना, खड़ा होना या वीडियो बनाना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है.
अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में लोग इस तरह के खतरनाक स्टंट कर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है. कई मामलों में ऐसे स्टंट जानलेवा भी साबित हुए हैं.
रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें. रेलवे ट्रैक और पुलों पर जाना सख्त मना है और ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सुनील जोशी