राजस्थान के नीमराणा क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मोल्हड़िया गांव स्थित कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लगने से चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार, रिहायशी इलाके में बने इस कबाड़ गोदाम में देर रात अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी. फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल से चारों शवों को बरामद किया. इसके अलावा कई लोग झुलस भी गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: पतीले से पलटा और जिंदा ही झोंक दिया आग में... रील पर व्यूज के लिए मार डाली लाखों चीटियां
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लेते नजर आए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गोदाम किराए की जमीन पर लंबे समय से संचालित हो रहा था. गोदाम में बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री जमा थी, जिसमें प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थ शामिल होने की संभावना है. यही कारण है कि आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप ले लिया.
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.पुलिस और प्रशासन की टीम हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें शॉर्ट सर्किट या लापरवाही जैसे कारणों की भी संभावना जताई जा रही है.साथ ही मृतकों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में संचालित ऐसे गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हिमांशु शर्मा