आजतक पंचायत राजस्थान के कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिरकत किया. इस दौरान उन्होंने सरकारी नौकरियों, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं से किए गए रोजगार के वादे को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है और निर्धारित लक्ष्य से भी ज्यादा नौकरियां देने का प्रयास कर रही है.
मुख्यमंत्री भजनलाल ने ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है.
‘पंचायत आजतक राजस्थान’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सरकारी भर्ती परीक्षाओं में सुधार, राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), कर्मचारी चयन बोर्ड और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर सवाल पूछे गए. इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में राजस्थान के युवाओं के साथ अन्याय हुआ और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के सपनों को नुकसान पहुंचाया.
1.93 लाख नियुक्ति पत्र देने का सीएम ने किया दावा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब तक 1 लाख 93 हजार नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं. इसके अलावा 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है और 1 लाख 25 हजार पदों की नई भर्तियां भी निकाली गई हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने संकल्प पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने विपक्ष को इन आंकड़ों का हिसाब रखने की चुनौती देते हुए कहा कि सरकार अपने वादे से ज्यादा रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ेगी. हमारी सरकार ने वादे से ज्यादा नौकरी देने का संकल्प लेकर चल रही है.
पेपर लीक रोकने का भजनलाल शर्मा ने किया दावा
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें की जाती हैं। जिला और प्रदेश स्तर पर तैयारियों की निगरानी होती है तथा परीक्षा से चार-पांच दिन पहले तक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है.
उन्होंने दावा किया कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और बेहतर निगरानी के कारण भर्ती परीक्षाओं को निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने पर जोर दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पहले से तैयारी की जाती है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं को लेकर युवाओं में नाराजगी रही. मौजूदा सरकार का लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और युवाओं को समय पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.
राजस्थान के कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने रखी बात
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान की कानून-व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री से सवाल किए गए. विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब में भजनलाल शर्मा ने पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों की तुलना मौजूदा सरकार के रिकॉर्ड से करने की बात कही. उन्होंने कहा कि अपराध और गैंगस्टर से जुड़े मामलों में वास्तविक स्थिति समझने के लिए आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण किया जाना चाहिए.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘पंचायत आजतक राजस्थान’ में रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने नियुक्ति पत्रों, प्रक्रियाधीन भर्तियों और नई वैकेंसी के आंकड़े पेश करते हुए युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने का भरोसा जताया।.हालांकि, भर्ती और पेपर लीक से जुड़े दावों का स्वतंत्र आकलन आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर किया जाना जरूरी है.
aajtak.in