बारिश और गर्मी के मौसम में अक्सर घरों के आसपास या घर के अंदर जहरीले सांप निकलने की खबरें सामने आती हैं. ज्यादातर लोग मानते हैं कि सांप सिर्फ अंधेरी जगहों की तलाश में घर में घुसते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि आपके घर से आने वाली कुछ खास तरह की महक और गंध सांपों को सबसे ज्यादा आकर्षित करती हैं.
सांपों की सूंघने की क्षमता बेहद तेज होती है और वो अपनी जीभ की मदद से हवा में मौजूद महक को पहचानकर शिकार या अपनी पसंदीदा जगह तक पहुंच जाते हैं. अगर आपके घर में चूहों, पक्षियों, सड़ते हुए कचरे या खास तरह की नमी की गंध है, तो यह अनजाने में सांपों को आपके घर के अंदर आने का न्योता दे सकती है. आइए जानते हैं वे कौन सी महक हैं जो सांपों को खींच लाती हैं और इनसे कैसे बचा जाए.
सांपों को आकर्षित करने वाली चीजें
चूहों और छिपकलियों की गंध
सांपों का सबसे पसंदीदा शिकार चूहे, छिपकलियां और मेंढक होते हैं. घर में चूहों के मल-मूत्र और उनकी मौजूदगी की गंध सांपों को तुरंत आकर्षित करती है.
पालतू पक्षियों और मुर्गियों की गंध
अगर आपने घर में पक्षी, खरगोश या मुर्गियां पाल रखी हैं, तो उनके खाने, पंखों और वेस्ट की गंध सांपों को आसानी से भा जाती है.
सड़ते हुए पत्तों और कचरे की महक
गार्डन या घर के कोने में सड़ रहे गीले पत्तों, लकड़ी के ढेर और सीलन की गंध सांपों को छिपने के लिए सबसे अनुकूल माहौल देती है.
अंडों की गंध
पक्षियों के घोंसलों में मौजूद अंडों की गंध सूंघकर भी सांप दीवारों और छतों के रास्ते घर में दाखिल हो जाते हैं.
सांपों को कैसे रखें दूर
घर में पेस्ट कंट्रोल कराएं और चूहों व छिपकलियों को पनपने न दें, ताकि सांपों का भोजन और उनकी गंध खत्म हो सके.
घर के बेसमेंट, बाथरूम और कोनों में सीलन न होने दें, क्योंकि नमी और अंधेरे की महक सांपों को सुरक्षित ठिकाना लगती है.
घर के मुख्य द्वारों, नालियों और बगीचे के आसपास नियमित रूप से फिनाइल या मिट्टी के तेल का हल्का छिड़काव करें, इसकी तीखी गंध सांपों को दूर रखती है.
घर के आसपास सूखी पत्तियों, लकड़ियों का ढेर न जमा होने दें और बगीचे की घास को छोटा रखें ताकि सांपों को छिपने की जगह न मिले.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क