How To Reuse Eggshells: सुबह नाश्ते में अंडा उबाला, खाया और उसका छिलका सीधे कूड़ेदान में डाल दिया... ज्यादातर घरों में रोज यही होता है. अमूमन लोग अंडे के छिलकों को कूड़ा ही समझते हैं. अगर आप भी उनमें शामिल हैं, तो आप इसके फायदों से अनजान हैं. ऐसे में अगली बार अंडे के छिलकों को कूड़ेदान में फेंकने से पहले एक बार रुकिए. जिस छिलके को हम बेकार समझकर फेंक देते हैं, उसमें भी कई उपयोगी गुण होते हैं. अंडे के छिलके में कैल्शियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जिसकी वजह से इसे पौधों की मिट्टी से लेकर घर की सफाई तक कई तरीकों से इस्तेमाल किया जा सकता है.
अगर आप घर के वेस्ट को दोबारा इस्तेमाल करना पसंद करते हैं या बिना ज्यादा पैसे खर्च किए पौधों की देखभाल करना चाहते हैं, तो अंडे के छिलके आपके काफी काम आ सकते हैं. आइए जानते हैं इन्हें फेंकने की बजाय किन कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है.
1. पौधों के लिए बन जाएगा नेचुरल खाद: अंडे के छिलके कैल्शियम का अच्छा सोर्स होते हैं. इन्हें अच्छी तरह सुखाकर बारीक पीस लें और फिर पौधों की मिट्टी में मिलाया जा सकता है. धीरे-धीरे छिलके मिट्टी में टूटते हैं और कैल्शियम पहुंचाते हैं, जो पौधों की ग्रोथ में मददगार साबित होते हैं. इसके साथ ही सिरके के साथ मिलाकर लिक्विड खाद भी तैयार की जा सकती है.
खासकर टमाटर और मिर्च जैसे पौधों के लिए कैल्शियम बहुत ही जरूरी माना जाता है. हालांकि, इसे तुरंत असर करने वाली खाद समझने की बजाय धीमे-धीमे पोषण देने वाले सोर्स के तौर पर इस्तेमाल करना बेहतर है.
2. गमलों में कीड़े आने से रोकने में भी मदद: अगर आपके पौधों को घोंघे या स्लग जैसे कीड़े लग गए हैं और उन्हें बढ़ने नहीं दे रहे हैं, तो अंडे के छिलके काम आ सकते हैं. छिलकों को पूरी तरह बारीक पाउडर बनाने के बजाय थोड़ा दरदरा पीसकर पौधे के आसपास मिट्टी पर बिखेरें.
छिलकों के नुकीले और खुरदरे टुकड़ों से इन कीड़ों को पौधे तक पहुंचने में परेशानी होती है. इस तरह बिना केमिकल पेस्टिसाइड के एक नेचुरल बैरियर तैयार किया जा सकता है.
3. घर की खाद यानी कंपोस्ट में डालें: अगर आप घर के किचन वेस्ट से कंपोस्ट बनाते हैं तो अंडे के छिलके उसमें भी डाले जा सकते हैं. ये बाकी ऑर्गेनिक कचरे की तरह जल्दी नहीं गलते, लेकिन धीरे-धीरे टूटकर कंपोस्ट में कैल्शियम पहुंचाते हैं. इसके लिए छिलकों को बड़े टुकड़ों में डालने के बजाय पहले अच्छी तरह पीस दें. इससे उनका इस्तेमाल करना आसान होगा और वे कंपोस्ट में बेहतर तरीके से मिल पाएंगे.
4. जले और चिकने बर्तनों की सफाई में आएंगे काम: अंडे के छिलकों का एक दिलचस्प इस्तेमाल किचन की सफाई में भी किया जा सकता है. अगर किसी बर्तन में खाना चिपक गया है या चिकनाई की जिद्दी परत जम गई है, तो साफ और अच्छी तरह से टूट हुए अंडे के छिलकों का इस्तेमाल स्क्रबिंग के लिए किया जा सकता है.
छिलकों को थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट जैसा बनाएं और बर्तन पर हल्के हाथ से रगड़ें. इनका खुरदुरापन जमी हुई गंदगी को हटाने में मदद कर सकती है. हालांकि, नाजुक या आसानी से खरोंच लगने वाली सतह पर इसका इस्तेमाल करने से बचें.
5. पालतू जानवरों के खाने में आएंगे काम: अंडे के छिलकों को बारीक पीसकर कुत्तों और मुर्गियों के खाने में मिलाया जा सकता है. इनमें मौजूद कैल्शियम हड्डियों और दांतों के लिए फायदेमंद होता है और मुर्गियों में अंडे देने में भी मदद करता है. छिलकों को अच्छी तरह साफ करके बारीक पाउडर ही बनाएं, ताकि कोई नुकीला टुकड़ा नुकसान न पहुंचाए.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क